CrimeIndia

​MPSC पेपर लीक: आयोग का अफसर ही मास्टरमाइंड, प्रेम संबंध में विवाद से खुला राज; 3 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल

महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग की ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा में पेपर लीक मामले की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है. मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में 3 हजार से ज्यादा पन्नों की पहली चार्जशीट स्पेशल एंटी करप्शन ब्यूरो कोर्ट में दाखिल की है. जांच एजेंसी ने आयोग के असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर विश्वेश्वर नकाटे को पेपर लीक का मास्टरमाइंड बताया है. नकाटे के पास ही नवी मुंबई स्थित एमपीएससी कार्यालय में प्रश्न बैंक के मेटा सेट की सुरक्षा की जिम्मेदारी थी.

​MPSC पेपर लीक: आयोग का अफसर ही मास्टरमाइंड, प्रेम संबंध में विवाद से खुला राज; 3 हजार पन्नों की चार्जशीट दाखिल

आरोप है कि इसी जिम्मेदारी का फायदा उठाकर उन्होंने अपने लैपटॉप पर 300 सवाल तैयार किए, उनका प्रिंट निकाला और कार्यालय के पार्किंग परिसर में संबंधित लोगों तक पहुंचाया. पेपर लीक का मामला सामने आने के बाद खुद को बचाने के लिए उन्होंने वरिष्ठ अधिकारी और अंडर सेक्रेटरी अभिजीत लेंडवे को मामले में फंसाने का प्रयास भी किया. चार्जशीट में अब तक गिरफ्तार 13 आरोपियों के अलावा दो फरार आरोपियों की भूमिका को भी शामिल किया गया है.

छह आरोपियों के खिलाफ पेश किए सबूत

जांच एजेंसी ने फिलहाल छह आरोपियों के खिलाफ ठोस सबूत जुटाकर अदालत में पेश किए हैं. अगस्त में गिरफ्तार किए गए तीन एमपीएससी अधिकारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. बाकी आरोपियों के खिलाफ दिसंबर में पूरक चार्जशीट दाखिल की जा सकती है. सभी गिरफ्तार आरोपी फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं. जांच में परीक्षा में सातवीं रैंक हासिल करने वाली आरोपी रुतुजा पाटिल और मामले का खुलासा करने वाले लोकेश उर्फ गौरव पाटिल के प्रेम संबंधों की कहानी भी है.

प्यार में झगड़े के बाद खुला मामला

आरोप है कि परीक्षा से पहले रुतुजा को प्रश्न उपलब्ध थे और वह गौरव से शादी करना चाहती थीं. लेकिन परीक्षा के बाद परिवार के विरोध और मातापिता की आत्महत्या की धमकी के चलते उसने गौरव से दूरी बना ली. दोनों के बीच पैदा हुए विवाद और नाराजगी के बाद गौरव ने परीक्षा में पेपर लीक होने का खुलासा किया. चार्जशीट में रुतुजा के पिता अमृत पाटिल, बिचौलिये प्रवीण पाटिल और एमपीएससी अधिकारी विश्वेश्वर नकाटे, अभिजीत लेंडवे तथा गोपाल मराठे के नाम शामिल हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply