उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल अभी पूरी तरह बजा भी नहीं है, लेकिन सियासी दलों ने अपनेअपने दांव चलने शुरू कर दिए हैं. इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी कल यानी 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर अपना चुनावी घोषणापत्र जारी करने जा रही है. अखिलेश यादव ने इसे नाम दिया है ‘जनमन घोषणापत्र’ और ‘सत्ताइस का संकल्प: PDA का प्रणपत्र’. खास बात ये है कि सपा इस बार सिर्फ एक घोषणापत्र जारी नहीं करेगी, बल्कि तीन स्तर पर अपना चुनावी एजेंडा सामने रखेगी. पूरे प्रदेश के लिए अलग घोषणापत्र, सभी 75 जिलों के लिए अलगअलग घोषणापत्र और राजधानी लखनऊ के लिए विशेष घोषणापत्र तैयार किया जा रहा है.

इस प्रस्तावित घोषणापत्र में महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद, युवाओं को स्वरोजगार के लिए दो लाख रुपये, घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और गरीबों को बिना कार्ड मुफ्त इलाज देने जैसे वादे शामिल हो सकते हैं. सरकारी कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना की बहाली, रिटायरमेंट की उम्र 60 से बढ़ाकर 65 साल करने और संविदाआउटसोर्स कर्मचारियों को नियमित करने का भी प्रस्ताव है. यानी अखिलेश यादव की कोशिश सामाजिक PDA को आर्थिक PDA में बदलने की है.
तीन स्तर पर सपा का घोषणापत्र
समाजवादी पार्टी इस बार अपने चुनावी घोषणापत्र को सिर्फ बड़ेबड़े वादों तक सीमित नहीं रखना चाहती. पार्टी की रणनीति है कि प्रदेश के हर हिस्से और हर वर्ग की जरूरतों को अलगअलग तरीके से अपने चुनावी एजेंडे में जगह दी जाए. इसी के तहत तीन श्रेणियों में घोषणापत्र तैयार किया जा रहा है.
पहला पूरे उत्तर प्रदेश के लिए प्रदेश स्तरीय घोषणापत्र. इसमें विकास का विजन, सामाजिक न्याय, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान और कर्मचारियों से जुड़े बड़े वादे होंगे.
दूसरा प्रदेश के सभी 75 जिलों के लिए अलगअलग घोषणापत्र. इनमें हर जिले की भौगोलिक स्थिति, स्थानीय विकास, सड़क, सिंचाई, कृषि, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को शामिल किया जाएगा. यानी पार्टी हर जिले की स्थानीय समस्याओं को चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाने की तैयारी में है.
तीसरा राजधानी लखनऊ के लिए विशेष घोषणापत्र. इसमें ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नए फ्लाईओवर और ब्रिज बनाने, स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने और शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने का वादा शामिल हो सकता है. इसके अलावा छात्रछात्राओं को मुफ्त मेट्रो यात्रा की सुविधा देने का प्रस्ताव भी सामने आ सकता है.
महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये, छात्राओं को लैपटॉप
सपा के प्रस्तावित घोषणापत्र में महिला मतदाताओं को साधने के लिए आर्थिक सहायता का बड़ा दांव हो सकता है. पार्टी महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का वादा कर सकती है. इसके लिए ‘स्त्री सम्मान समृद्धि योजना’ लाने का प्रस्ताव है. मकसद महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना और घरेलू खर्च में उनकी भागीदारी बढ़ाना है. महिलाओं से जुड़े वादे सिर्फ आर्थिक मदद तक सीमित नहीं रहेंगे. इंटरमीडिएट पास छात्राओं को लैपटॉप देने और लड़कियों की इंटरमीडिएट या स्नातक तक की पढ़ाई मुफ्त करने का प्रस्ताव भी शामिल हो सकता है.
युवा और बेरोजगारों के लिए दो लाख रुपये, भर्ती कैलेंडर
युवाओं और बेरोजगारी का मुद्दा भी सपा के चुनावी एजेंडे के केंद्र में रहने वाला है. पार्टी स्वरोजगार शुरू करने के लिए दो लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव रख सकती है. इसके जरिए युवाओं और जरूरतमंद लोगों को अपना काम शुरू करने में मदद देने की बात है. छोटे कारोबार को बढ़ावा देने और रोजगार के लिए सिर्फ सरकारी नौकरियों पर निर्भरता कम करने का लक्ष्य रखा जा सकता है.
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी कई प्रस्ताव हैं. सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को तत्काल भरने का वादा किया जा सकता है. प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए नियमित भर्ती कैलेंडर जारी करने, परीक्षाओं और नियुक्तियों की प्रक्रिया समयबद्ध करने और भर्ती में पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा. इसके साथ ही कौशल आधारित अवसरों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की बात भी घोषणापत्र में हो सकती है.
OPS बहाली से रिटायरमेंट की उम्र 65 साल तक
सरकारी कर्मचारियों को साधने के लिए भी अखिलेश यादव बड़ा दांव चल सकते हैं. प्रस्तावित घोषणापत्र में पुरानी पेंशन योजना यानी OPS को फिर से लागू करने का वादा शामिल हो सकता है. सपा पहले भी पुरानी पेंशन बहाली की बात उठाती रही है. इस बार पार्टी इसे सरकारी कर्मचारियों और उनके परिवारों की सामाजिकआर्थिक सुरक्षा से जोड़कर पेश कर सकती है. इसके अलावा सरकारी कर्मचारियों की रिटायरमेंट की उम्र 60 साल से बढ़ाकर 65 साल करने का प्रस्ताव भी सामने आ सकता है. इसके लिए आवश्यक संवैधानिक संशोधन किए जाने की बात कही गई है.
संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए भी बड़े वादे की तैयारी है. संविदा कर्मचारियों को नियमित करने, आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने और इस व्यवस्था के जरिए पहले से काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित करने का प्रस्ताव है. सरकारी विभागों में आउटसोर्सिंग के जरिए भर्ती बंद करने और खाली पदों को भरने की बात भी कही गई है. पार्टी का तर्क है कि इससे आउटसोर्सिंग व्यवस्था के जरिए युवाओं के कथित शोषण को खत्म किया जा सकेगा.
शिक्षामित्रों को शिक्षक का दर्जा, शिक्षकों को गैरशैक्षणिक काम से मुक्ति
शिक्षा और शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को भी सपा अपने घोषणापत्र में प्रमुखता दे सकती है. प्रस्ताव है कि शिक्षकों को पढ़ाने के अलावा दूसरे गैरशैक्षणिक कामों में नहीं लगाया जाएगा. उनकी जिम्मेदारी सिर्फ शिक्षण कार्य तक सीमित रखने की बात कही गई है. शिक्षामित्रों को शिक्षक का दर्जा देने और वित्तविहीन शिक्षकों के लिए मानदेय की व्यवस्था करने का प्रस्ताव भी है. आधुनिक मदरसा शिक्षकों के लंबित वेतन का भुगतान करने, संस्कृत विद्यालयों और उनसे जुड़े शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करने की बात भी शामिल हो सकती है.
इसके अलावा शिक्षक संगठनों, छात्र संगठनों और गैरशिक्षण कर्मचारी संगठनों के चुनाव कराने का प्रस्ताव है. सपा इन संगठनों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया और प्रतिनिधित्व को मजबूत करने का वादा कर सकती है. यानी शिक्षामित्रों, वित्तविहीन शिक्षकों, मदरसा शिक्षकों, संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों और छात्र संगठनों तक पहुंच बनाने की कोशिश है.
300 यूनिट मुफ्त बिजली, गरीबों को बिना कार्ड मुफ्त इलाज
आम परिवारों के घरेलू बजट को राहत देने के लिए सपा 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा फिर दोहरा सकती है. घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने का प्रस्ताव है. बिजली की बढ़ती कीमतों और स्मार्ट मीटर से जुड़े मुद्दों पर राहत देने की बात भी कही जा सकती है. अखिलेश यादव पहले भी 2027 में सरकार बनने पर 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा कर चुके हैं. 2022 के विधानसभा चुनाव में भी समाजवादी पार्टी ने यह वादा किया था. इस बार इसे फिर से प्रमुख चुनावी मुद्दा बनाने की तैयारी है.
स्वास्थ्य के मोर्चे पर गरीबों को बिना किसी कार्ड के मुफ्त इलाज देने का प्रस्ताव है. इसके साथ ही सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने और आम लोगों को इलाज के खर्च से राहत देने की बात भी शामिल हो सकती है. गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए समाजवादी पेंशन योजना को फिर शुरू करने का प्रस्ताव भी है. इसके जरिए आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को नियमित आर्थिक सहायता देने और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा बढ़ाने की बात कही जा सकती है.
PDA को आर्थिक आधार, दलितपिछड़ों के लिए विशेष योजनाएं
अखिलेश यादव की PDA राजनीति को इस घोषणापत्र के जरिए नया आर्थिक आधार देने की तैयारी है. PDA यानी पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्गों को सामाजिक न्याय के साथ आर्थिक हिस्सेदारी का भरोसा देने की कोशिश होगी. प्रस्तावित घोषणापत्र में पिछड़े वर्गों की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने, दलितों के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए विशेष योजनाएं लाने और शिक्षा तथा रोजगार के अवसरों में वंचित वर्गों की भागीदारी बढ़ाने की बात हो सकती है.
खिलाड़ियों को सुविधाएं, यश भारती पुरस्कार की वापसी
युवाओं और प्रदेश की प्रतिभाओं को जोड़ने के लिए खेल और सम्मान से जुड़े प्रस्ताव भी घोषणापत्र में शामिल हो सकते हैं. खेल सुविधाओं का विस्तार करने, खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की बात है. इसके साथ ही कला, साहित्य, संस्कृति, खेल, पत्रकारिता और दूसरे क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित करने वाली ‘यश भारती पुरस्कार’ योजना फिर शुरू करने का प्रस्ताव भी है. इसका मकसद प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मान और प्रोत्साहन देना होगा.



