
आगरा, अमृत विचार। आगरा की फतेहपुर सीकरी विधानसभा सीट से भारतीय जानता पार्टी विधायक चौधरी बाबूलाल ने अपने ही विधानसभा क्षेत्र की पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। विधायक ने चार थानों से जुड़े छह पुलिसकर्मियों पर वसूली और भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए पुलिस आयुक्त को शिकायती पत्र सौंपा है। खास बात यह है कि शिकायत के साथ विधायक ने आरोपों से जुड़े साक्ष्य भी पुलिस अधिकारियों को सौंपे हैं।
विधायक की शिकायत सामने आने के बाद पुलिस महकमे में भी हलचल है। शिकायत में किरावली थाने के SSI मनोज दीक्षित और हेड मोहर्रिर संदीप कुमार के नाम शामिल हैं। इसके अलावा रुनकता चौकी प्रभारी आशीष त्यागी, SI तरुण चौधरी, मिढ़ाकुर चौकी के अमित कुमार और अछनेरा थाने के कारखास मुकेश यादव पर भी आरोप लगाए गए हैं।
विधायक बोले ‘बिना पैसे कोई काम नहीं होता’,
चौधरी बाबूलाल का आरोप है कि संबंधित पुलिसकर्मी बिना पैसे लिए कोई काम नहीं करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिसकर्मियों की ओर से मनमाने तरीके से कार्रवाई कर आम लोगों को परेशान किए जाने की शिकायतें लगातार उनके पास पहुंच रही थीं। विधायक के मुताबिक, क्षेत्र की जनता पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली को लेकर उनसे लगातार शिकायत कर रही थी। इन शिकायतों के बाद उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के सामने उठाया है।
शिकायत के साथ साक्ष्य भी सौंपे
विधायक ने पुलिस आयुक्त से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि जांच में यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। विधायक की ओर से शिकायत के साथ साक्ष्य सौंपे जाने के बाद अब पुलिस जांच की रिपोर्ट पर नजर है। जांच में आरोपों की पुष्टि होती है या नहीं, यह सामने आने वाले तथ्यों के बाद स्पष्ट होगा।
DCP बोले शिकायत मिली, कराई जा रही जांच
मामले में DCP पश्चिमी आदित्य ने बताया कि भाजपा विधायक की शिकायत प्राप्त हुई है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस जांच जारी है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि विधायक की ओर से लगाए गए वसूली और भ्रष्टाचार के आरोप जांच में कितने सही साबित होते हैं और जांच के बाद संबंधित पुलिसकर्मियों पर क्या कार्रवाई होती है।



