
लखनऊ, अमृत विचार : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में बीएससी नर्सिंग द्वितीय वर्ष की छात्रा दिव्यांशी की डेंगू से मौत हो गई। घटना से नाराज साथी छात्रछात्राओं ने सोमवार को नर्सिंग कॉलेज में जमकर हंगामा किया। आक्रोशित छात्रछात्राओं ने कक्षाएं बंद कर सुबह 11 बजे से धरनाप्रदर्शन शुरू किया जो देर रात तक चलता रह। प्रिंसिपल और डीन के इस्तीफे की मांग पर अड़े रहे। देर शाम केजीएमयू प्रशासन ने प्रिंसिपल का इस्तीफा लेकर मामला शांत कराने की कोशिश की, लेकिन छात्र डीन के इस्तीफे पर अड़े रहे।
डीन के इस्तीफे की मांग करती नर्सिंग छात्र और छात्रायें
प्रदर्शन कर रहे छात्रछात्राओं के मुताबिक बनारस निवासी दिव्यांशी को 11 सितंबर को बुखार आया। साथी छात्राएं उसे मेडिसिन ओपीडी ले गईं। 16 सितंबर को डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड की जांच हुई, जिसमें डेंगू पॉजिटिव आया। छात्राओं का आरोप है कि तबीयत खराब होने के बावजूद छुट्टी नहीं दी गई और ओपीडी में ड्यूटी लगाई गई। हालत बिगड़ने पर 17 सितंबर शाम मातापिता हॉस्टल पहुंचे और उसे बनारस ले गए। निजी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 19 सितंबर सुबह 5 बजे उसकी मौत हो गई। मौत की खबर से सोमवार को कॉलेज में आक्रोश फूट पड़ा।
हॉस्टल में 7 और छात्र बीमार,गंदा पानी पीने को मजबूर
छात्रों ने बताया कि हॉस्टल में आकांक्षी, आयुषी कुमारी, सत्यम सिंह समेत 7 छात्रछात्राएं बीमार हैं। किसी को टाइफाइड तो किसी को डेंगू है। मेस का कुक भी बीमार है। आरोप है कि बीमारी के बावजूद वार्ड ड्यूटी लगाई जा रही है और रोकथाम के कोई इंतजाम नहीं हैं। छात्राओं का आरोप है कि हॉस्टल की पानी की टंकी में काई जमी है, लंबे समय से सफाई नहीं हुई। गंदा पानी पीने से टाइफाइड और पेट व त्वचा की बीमारियां फैल रही हैं। वैक्सीनेशन तक नहीं कराया जा रहा।
केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ. केके.सिंह ने बताया कि छात्रा की मौत दुखद है। जांचें कराई गई थीं, ज्यादातर रिपोर्ट और प्लेटलेट्स सामान्य थे। परिजन उसे वाराणसी ले गए थे। छात्राओं की मांग पर नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल सूचना राय भौमिक ने इस्तीफा दे दिया है। मामले की जांच जारी है, रिपोर्ट के आधार पर अन्य पर भी कार्रवाई होगी। कुलपति के मार्गदर्शन में छात्राओं से संवाद किया जा रहा है।
यह भी पढे़ं:



