TrendingUttar Pradesh

​अयोध्या में OTS योजना ने पकड़ी रफ्तार, 10 दिन में 29.17 लाख रुपये जमा

अयोध्या, अमृत विचार : नगर निगम क्षेत्र में चल रही वन टाइम सेटलमेंट योजना ने रफ्तार पकड़ ली है। योजना शुरू होने के महज 10 दिनों में ही 29 लाख 17 हजार रुपये की राशि जमा हो चुकी है। अब तक 183 बकाएदारों ने अपना कर जमा कराया है, जिससे करीब नौ लाख रुपये का ब्याज माफ हो गया है। इन लोगों का ब्याज सहित कुल 38.64 लाख रुपये बनता था।

नगर निगम क्षेत्र में कुल 61,915 करदाता हैं। इनमें से करीब 20 हजार करदाताओं ने पहले ही अपना टैक्स जमा कर दिया है। वहीं, 25,761 बकाएदार ऐसे हैं जिन्होंने एक वर्ष से अधिक समय से कर जमा नहीं किया है और उन पर ब्याज भी लग चुका है। कुल बकाया राशि 21 करोड़ 12 लाख 36 हजार 392 रुपये है। इसमें ओटीएस योजना के अंतर्गत अनुमानित ब्याज की राशि सात करोड़ 39 लाख 32 हजार 737 रुपये है। योजना 15 अगस्त से 15 दिसंबर तक चलेगी। आवेदन 14 नवंबर तक ही लिए जाएंगे।

मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार ने बताया कि अब तक 250 लोगों ने आवेदन कर दिए हैं। उन्होंने बकाएदारों से अपील की है कि वे योजना का लाभ उठाने के लिए जल्द से जल्द आवेदन करें और बकाया राशि जमा कराएं। योजना को प्रभावी बनाने और अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए नगर निगम लगातार प्रचारप्रसार कर रहा है। रेडियो, एलईडी स्क्रीन और अखबारों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है, ताकि बकाएदार समय रहते योजना का लाभ उठा सकें और ब्याज की भारी राशि से मुक्ति पा सकें।

प्रदेश में अयोध्या की स्थिति बेहतर

प्रदेश के सभी नगर निकायों में ओटीएस योजना चल रही है। अगर प्रदेश के 17 नगर निगमों की बात की जाए तो अयोध्या की स्थित बेहतर है। योजना का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया जा सकता है। यह योजना आवासीय और व्यावसायिक दोनों प्रकार के भवनों पर लागू होगी।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply