UP Election 2027: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रायबरेली से PDA रथयात्रा की शुरुआत कर दी है।

अखिलेश यादव रथ पर सवार होकर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे और हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। यात्रा के दौरान उन्होंने हनुमान मंदिर पहुंचकर पूजाअर्चना की और गदा भी लहराई।
रथयात्रा में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता शामिल हुए। पार्टी कार्यकर्ताओं के मुताबिक, करीब 2 से 3 हजार लोग यात्रा में मौजूद रहे, जबकि बड़ी संख्या में वाहन भी काफिले के साथ चलते दिखाई दिए। कार्यकर्ता DJ पर नाचते और नारे लगाते हुए आगे बढ़े।
अखिलेश को पहनाएंगे 21 किलो की माला
यात्रा के चलते रायबरेली में कई जगहों पर ट्रैफिक प्रभावित हुआ। इसी दौरान मंत्री दिनेश सिंह का काफिला भी जाम में फंस गया। जानकारी के अनुसार, अखिलेश यादव को 21 किलो की माला पहनाने की तैयारी की गई है, जिसे दो बुलडोजर की मदद से पहनाया जाएगा।
रायबरेली के GIC मैदान में होगी जनसभा
अखिलेश यादव लखनऊ के निगोहा से करीब 50 किलोमीटर दूर रायबरेली शहर तक जाएंगे, जहां GIC मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह सपा विधायक राहुल लोधी के आवास पहुंचकर समाजवादी छात्रसभा के कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे।
PDA रथयात्रा पूरे प्रदेश में भ्रमण करेगा
सपा के अनुसार, यह PDA रथयात्रा आगामी चुनावी अभियान का हिस्सा है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह रथ आने वाले समय में पूरे प्रदेश में यात्रा करेगा।
वहीं, रथयात्रा से पहले रायबरेली में अखिलेश यादव के खिलाफ पोस्टर भी लगाए गए, जिनमें राजनीतिक आरोप लगाए गए हैं। इन पोस्टरों को लेकर भी क्षेत्र में सियासी चर्चा तेज हो गई है।



