
प्रयागराज, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश में 35 आईपीएस अधिकारियों के तबादले के बाद प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में भी बड़ा बदलाव हुआ है। शासन की ओर से जारी तबादला सूची में कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। आगरा पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी रहे सोनम कुमार को प्रयागराज का डीसीपी बनाया गया है। वहीं वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात श्रुति श्रीवास्तव को प्रयागराज में अपर पुलिस उपायुक्त की जिम्मेदारी दी गई है।
सोनम कुमार को आगरा से प्रयागराज भेजा गया
आईपीएस आरआर2016 बैच के सोनम कुमार अभी तक आगरा पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उनका तबादला प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी पद पर किया गया है। उनके आने से प्रयागराज कमिश्नरेट की वरिष्ठ अधिकारियों की टीम में बदलाव होगा।
श्रुति श्रीवास्तव की भी बदली तैनाती
आईपीएस एसपीएस2020 बैच की श्रुति श्रीवास्तव अभी वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त के पद पर तैनात थीं। नई सूची के मुताबिक उन्हें प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में अपर पुलिस उपायुक्त बनाया गया है।श्रुति श्रीवास्तव ने प्रयागराज में आयोजित कुंभ के दौरान काशी आने पर फिल्म अभिनेत्री रवीना टंडन का इंटरव्यू भी किया था।
नीरज कुमार पांडेय अब पुलिस मुख्यालय में SP
प्रयागराज पुलिस कमिश्नरेट में डीसीपी की जिम्मेदारी संभाल रहे आईपीएस एसपीएस2016 बैच के नीरज कुमार पांडेय को अब पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय, प्रयागराज बनाया गया है।
इरफान अंसारी को CID में नई जिम्मेदारी
प्रयागराज पुलिस मुख्यालय में एसपी के पद पर तैनात आईपीएस एसपीएस2017 बैच के मो. इरफान अंसारी का भी तबादला किया गया है। उन्हें पुलिस अधीक्षक, सीआईडी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ की जिम्मेदारी दी गई है। प्रदेश में किए गए इस व्यापक फेरबदल में पुलिस कमिश्नरेट, जिला पुलिस और पुलिस विभाग की विभिन्न इकाइयों में तैनात 35 आईपीएस अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।



