
लखनऊ, अमृत विचार: लखनऊ विश्वविद्यालय के कैलाश छात्रावास में मेस की बदहाल व्यवस्था को लेकर छात्राओं का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। छात्राओं ने आरोप लगाया कि करीब 40 हजार रुपये लेने के बावजूद उन्हें खाने में आए दिन कीड़े और बाल मिल रहे हैं। बर्तन ठीक से नहीं धोए जाते और कई बार जूठे बर्तनों में खाना परोसा जाता है। रसोई परिसर में कई दिनों से कचरा जमा होने का भी आरोप है। छात्राओं ने मेस कर्मचारियों पर अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की।
मेस की समस्याओं को लेकर छात्राएं पहले छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अमिता कनौजिया से मिलने पहुंचीं। छात्राओं का आरोप है कि वहां उनकी शिकायत गंभीरता से नहीं सुनी गई और उन्हें हड़काया गया। इससे नाराज छात्राओं ने कुलपति कार्यालय का घेराव कर दिया। सूचना पर चीफ प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी, चीफ प्रोवोस्ट प्रो. आशीष अवस्थी और प्रो. ओपी शुक्ला मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्राओं की कुलपति से मुलाकात कराई। छात्राओं ने कुलपति से शिकायत की।
न्याय नहीं हुआ तो करेंगे आंदोलन
छात्र नेता एवं समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिषेक श्रीवास्तव ”बाबू” ने कहा कि छात्राओं और मेस की समस्या बेहद गंभीर है। छात्रछात्राओं की बात गंभीरता से सुनी जानी चाहिए और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। 40 हजार रुपये लेने के बाद भी खाने में कीड़े और गंदगी की लगातार शिकायतें सामने आना गंभीर मामला है। न्याय न मिला तो आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस दौरान हिमांशु यादव, अक्षय वर्मा, धीरज यादव, अजीतेंद्र, रुस्तम, अमन दुबे और विराट आदि छात्र मौजूद रहे।
ः



