India

​Pregnancy Test Myths: प्रेगनेंसी टेस्ट में जल्दबाजी पड़ सकती है भारी! जानें टेस्ट कराने का सही वक्त

कई महिलाओं को पीरियड आने से पहले ही थकान, स्तनों में दर्द, पेट में हल्का खिंचाव और बदन दर्द जैसे लक्षण महसूस होने लगते हैं. ऐसे में उनके मन में सवाल उठता है कि कहीं वे गर्भवती तो नहीं हैं. कुछ महिलाएं इन लक्षणों को गर्भावस्था का संकेत मानकर तुरंत प्रेगनेंसी टेस्ट कर लेती हैं. हालांकि, बहुत जल्दी टेस्ट करने पर रिजल्ट नेगेटिव आ सकता है, भले ही महिला गर्भवती हो. दरअसल, गर्भावस्था के शुरुआती लक्षण और पीरियड आने से पहले होने वाले लक्षण काफी हद तक एक जैसे होते हैं.

​Pregnancy Test Myths: प्रेगनेंसी टेस्ट में जल्दबाजी पड़ सकती है भारी! जानें टेस्ट कराने का सही वक्त

इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर गर्भावस्था की पुष्टि नहीं की जा सकती. ऐसे में यह जानना जरूरी है कि प्रेगनेंसी टेस्ट कब करना चाहिए और सही समय पर टेस्ट करना क्यों जरूरी है.

प्रेगनेंसी टेस्ट कराने का सही समय क्या है?

दिल्ली में आयुर्वेद की डॉक्टर चंचल शर्मा बताती हैं कि गर्भावस्था के शुरुआती दिनों में शरीर में हार्मोनल बदलाव होने लगते हैं. इस दौरान कुछ महिलाओं को स्तनों में सूजन, दर्द या झुनझुनी महसूस हो सकती है. हालांकि, हर महिला में ये लक्षण दिखाई दें, यह जरूरी नहीं है.

मेडिकल जानकारी के मुताबिक, घर पर प्रेगनेंसी टेस्ट करने का सबसे सही समय पीरियड मिस होने के पहले दिन से है. इस समय तक शरीर में एचसीजी नाम के हार्मोन का स्तर इतना बढ़ सकता है कि प्रेगनेंसी टेस्ट उसे पहचान सके. यह हार्मोन गर्भावस्था के दौरान बनता है और ज्यादातर घरेलू प्रेगनेंसी टेस्ट इसी की मौजूदगी का पता लगाते हैं.

अगर किसी महिला को अपने पीरियड आने की तारीख पता नहीं है या पीरियड नियमित नहीं आते हैं, तो असुरक्षित संबंध बनाने के कम से कम 21 दिन बाद प्रेगनेंसी टेस्ट किया जा सकता है.

सुबह के समय टेस्ट करना क्यों बेहतर है?

प्रेगनेंसी टेस्ट दिन के किसी भी समय किया जा सकता है, लेकिन शुरुआती दिनों में सुबह के पहले यूरिन से टेस्ट करना बेहतर हो सकता है. दरअसल, सुबह के समय यूरिन में एचसीजी हार्मोन की मात्रा अधिक केंद्रित हो सकती है, जिससे हार्मोन का पता लगाने में मदद मिलती है. टेस्ट करते समय किट पर दिए गए निर्देशों का पालन करना जरूरी है. रिजल्ट को निर्देशों में बताए गए समय के भीतर ही पढ़ें.

टेस्ट नेगेटिव आए तो क्या करें?

कई बार महिला गर्भवती होती है, लेकिन टेस्ट बहुत जल्दी करने के कारण रिजल्ट नेगेटिव आ जाता है. ऐसा इसलिए होता है क्योंकि शुरुआती दिनों में शरीर में एचसीजी हार्मोन की मात्रा कम हो सकती है. अगर पीरियड नहीं आया है और टेस्ट नेगेटिव है, तो 23 दिन बाद दोबारा टेस्ट करें. इसके बाद भी पीरियड नहीं आता है, तो डॉक्टर से सलाह लें. जरूरत पड़ने पर डॉक्टर खून की जांच से भी गर्भावस्था की पुष्टि कर सकते हैं.

क्या शुरुआती लक्षणों से गर्भावस्था का पता चल सकता है?

पीरियड मिस होना, ब्रेस्ट में पेन, थकान, मतली और बारबार पेशाब आना गर्भावस्था के शुरुआती लक्षण हो सकते हैं. लेकिन ये लक्षण दूसरी वजहों से भी हो सकते हैं. कुछ महिलाओं को शुरुआत में कोई लक्षण महसूस नहीं होता.

इसलिए केवल लक्षणों के आधार पर गर्भावस्था का अनुमान लगाने के बजाय सही समय पर टेस्ट करना जरूरी है. इससे गर्भावस्था की समय पर जानकारी मिलती है और महिला जरूरत के अनुसार डॉक्टर से सलाह लेकर अपनी सेहत का ध्यान रख सकती है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply