CrimeIndia

​Saharanpur News: दिवाली बोनस के लिए साथी का कत्ल, शव कार में रखकर ठिकाने लगाने निकले; एक्सीडेंट ने खोल दी पोल

Saharanpur News: सहारनपुर में दिवाली बोनस के पैसों को लेकर हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. यहां एक फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मचारियों पर अपने ही साथी की हत्या करने का आरोप लगा है. बताया जा रहा कि बोनस की रकम को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने सोम नाम के कर्मचारी के साथ मारपीट की. इसमें गंभीर चोट लगने और ज्यादा खून बहने से उसकी मौत हो गई. इसके बाद आरोपी शव को कार में रखकर ठिकाने लगाने के लिए निकल पड़े. हालांकि रास्ते में कार का एक्सीडेंट हो गया और आरोपियों की पूरी साजिश सामने आ गई.

​Saharanpur News: दिवाली बोनस के लिए साथी का कत्ल, शव कार में रखकर ठिकाने लगाने निकले; एक्सीडेंट ने खोल दी पोल

कार एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंची थी पुलिस

घटना पिलखनी इलाके के पास की है. एसपी सिटी व्योम बिंदल के मुताबिक, पुलिस को बीती रात एक कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी. हादसे में सोनू, अक्षय, टिंकू, नितिन और अमन घायल हो गए थे. वहीं कार में मौजूद एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गई थी. मृतक की पहचान सोम के रूप में हुई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया.

वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस ने शुरुआत में इसे सड़क हादसा समझकर जांच शुरू की थी. इसी दौरान मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि सोम की मौत किसी दुर्घटना में नहीं, बल्कि हत्या के कारण हुई है. इसके बाद मामले की जांच का रुख बदल गया.

बोनस के पैसों को लेकर फोन पर हुआ था विवाद

मृतक सोम के बेटे अजय कुमार ने थाना कुतुबशेर में तहरीर देकर अपने पिता की हत्या का आरोप लगाया. उसने बताया कि उसके पिता इंडियन हर्ब्स प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में पिछले 8 से 10 साल से काम कर रहे थे. 9 नवंबर की शाम करीब चार बजे सोनू ने उसके पिता को फोन किया था. उसने सोम को ड्यूटी से जल्दी आने के लिए कहा. आरोप है कि सोनू ने कंपनी से मिलने वाले दिवाली बोनस के पैसे मांगे थे, लेकिन सोम ने रकम देने से इनकार कर दिया. इसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते कहासुनी गालीगलौज तक पहुंच गई. इसके बाद सोनू ने सोम को कंपनी बुलाया.

फैक्ट्री में बुलाकर की गई मारपीट

अजय कुमार के मुताबिक, जब उसके पिता सोम ड्यूटी पर पहुंचे तो वहां सोनू के साथ नितिन, अमन और अक्षय उर्फ टिंकू पहले से मौजूद थे. आरोप है कि इन लोगों ने सोम के साथ गालीगलौज की और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया. इसके बाद आरोपियों ने कल्लू उर्फ राजेंद्र को भी फोन करके कंपनी बुला लिया. तहरीर में आरोप लगाया गया कि कल्लू ने वहां पहुंचकर तमंचा दिखाते हुए सोम को धमकाया. इसके बाद सभी आरोपियों ने मिलकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी. इस दौरान सोम को गंभीर चोटें आईं. ज्यादा खून बहने की वजह से उनकी मौत हो गई.

शव को कार में रखकर ठिकाने लगाने निकले आरोपी

सोम की मौत के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई. अजय कुमार की तहरीर के मुताबिक, आरोपियों ने सोम के शव को कार में ड्राइवर के बगल वाली सीट पर रखा. इसके बाद वे कार लेकर वहां से निकल गए. आरोप है कि आरोपी शव को ठिकाने लगाने के इरादे से जा रहे थे. कंपनी से करीब दो से तीन किलोमीटर दूर उन्होंने कार को तेज रफ्तार में चलाते हुए दुर्घटनाग्रस्त कर दिया. हादसे के बाद कार के दरवाजे लॉक हो गए. आसपास मौजूद लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी. पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. इसी दौरान पुलिस को सोम का शव मिला.

परिजनों की शिकायत पर हत्या के मामले की जांच

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस ने सड़क हादसे की जांच की तो दिवाली बोनस को लेकर सोम और सोनू के बीच विवाद की जानकारी सामने आई. परिजनों की तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सोनू और उसके तीन अन्य परिचितों ने मिलकर सोम की हत्या की थी. इसके बाद शव को कार में रखकर ठिकाने लगाने ले जाया जा रहा था, तभी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई.

पुलिस ने सोम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों की शिकायत के आधार पर थाना कुतुबशेर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच के बाद ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply