भारतीय शेयर बाजार में बीते करीब डेढ़ महीने से रौनक लौट आई है. निफ्टी 50 के आंकड़े देखकर लगता है कि पूरा बाजार सरपट दौड़ रहा है, लेकिन अंदर की तस्वीर अलग है. इस तेजी की कमान गिनेचुने दिग्गज शेयरों के हाथ में है. ETIG के आंकड़ों के मुताबिक, बाजार की लगभग आधी बढ़त सिर्फ पांच बड़ी कंपनियों के दम पर आई है.

5 दिग्गज शेयरों ने कैसे संभाला मोर्चा
8 अक्टूबर से 20 नवंबर के बीच 50 शेयरों वाला निफ्टी 16% उछला और इसमें कुल 3,569 अंकों की बढ़त दर्ज हुई. इसमें अकेले पांच ब्लूचिप शेयरों—ICICI बैंक, HDFC बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और SBI का योगदान 1,613 अंक रहा. ये निफ्टी की कुल तेजी का 45% है. सबसे ज्यादा करीब 450 अंक अकेले ICICI बैंक ने जोड़े. इसके बाद HDFC बैंक, रिलायंस, एयरटेल और SBI रहे.
निफ्टी की इस उछाल में टॉप 10 शेयरों का हिस्सा 2,318 अंक यानी 65% रहा. वहीं टॉप 15 शेयरों ने मिलकर 2,720 अंक यानी 76% बढ़त दिलाई. जानकारों का कहना है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज और HDFC बैंक में मजबूत खरीदारी दिखी. दोनों शेयर कई साल के निचले वैल्यूएशन पर कारोबार कर रहे थे, जिससे इनके भाव निवेशकों को आकर्षक लगे.
AI बाजार छोड़ भारत क्यों लौटे विदेशी निवेशक
8 अक्टूबर के बाद भारतीय बाजार की वापसी के पीछे ग्लोबल संकेतों का बड़ा हाथ है. दुनिया भर में AI निवेश को लेकर मूड बदला है. डेटा सेंटर्स पर भारी खर्च के बावजूद मुनाफे की तस्वीर साफ नहीं दिख रही. इसी चिंता के चलते निवेशकों ने AI से जुड़े शेयरों से दूरी बनाई.
इसका फायदा भारत को मिला. ग्लोबल फंड्स ने ताइवान और साउथ कोरिया जैसे AI बाजारों से पैसा निकालकर भारत का रुख किया. बिकवाली के दौर के बाद 16 अक्टूबर से विदेशी निवेशक फिर खरीदार बने. 16 अक्टूबर से 20 नवंबर तक उन्होंने भारतीय बाजार में 14.33 अरब डॉलर यानी करीब 1.43 लाख करोड़ रुपये लगाए. विदेशी निवेशकों ने लार्जकैप शेयरों को ज्यादा पसंद किया, क्योंकि उनमें लिक्विडिटी ज्यादा होती है और बड़े संस्थानों की हिस्सेदारी मजबूत रहती है. बड़ी रकम लगाने के लिए उन्हें ये शेयर सबसे सही लगे.
बाजार की इस तेजी में कहां छिपा है खतरा
कुछ ही शेयरों के दम पर तेजी को जानकार एक जोखिम मान रहे हैं. मास्टर कैपिटल सर्विसेज के चीफ रिसर्च ऑफिसर रवि सिंह का कहना है कि मुनाफे का गिनेचुने शेयरों में सिमटना बाजार के लिए खतरा है. उनके मुताबिक, ये तेजी तभी टिक पाएगी जब अलगअलग सेक्टर्स की कमाई बढ़े, संस्थागत निवेश बना रहे और ग्लोबल अनिश्चितता कम हो. बढ़े हुए वैल्यूएशन के कारण बीचबीच में गिरावट यानी करेक्शन आ सकता है.
आगे कैसी रहेगी बाजार की चाल
इक्विरस सिक्योरिटीज के सीईओ विशद तुराखिया इसे बाजार में भागीदारी बढ़ने के बेहतर संकेत के तौर पर देखते हैं. हालांकि वे मानते हैं कि फिलहाल बाजार की कमान और वेल्थ क्रिएशन लार्जकैप कंपनियों तक ही सिमटा है. तुराखिया के अनुसार, तेजी का अगला दौर तभी ज्यादा टिकाऊ होगा जब कंपनियों की कमाई के अनुमान बढ़ें और संस्थागत निवेश का सहारा मिडकैप के साथ छोटे लार्जकैप शेयरों को भी मिले.


