सोने और चांदी की कीमतों में 30 अक्टूबर को बड़ी गिरावट देखने को मिली. दिल्ली के सर्राफा बाजार में चांदी का भाव एक ही दिन में 8,300 रुपये प्रति किलोग्राम टूट गया. इसके साथ ही चांदी करीब 11 महीने के निचले स्तर पर पहुंच गई. वहीं, सोने की कीमत में भी 1,300 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट दर्ज की गई. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों में आई तेज गिरावट के कारण घरेलू बाजार में भी बिकवाली बढ़ी है.

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत घटकर 1,45,200 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई. इससे पिछले कारोबारी दिन यानी 29 अक्टूबर को सोना 1,46,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. इस तरह एक दिन में सोना 1,300 रुपये सस्ता हो गया.
11 महीने पीछे पहुंची चांदी
चांदी की कीमत में इससे भी बड़ी गिरावट आई. इसका भाव 8,300 रुपये टूटकर 1,90,200 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गया. 29 अक्टूबर को चांदी 1,98,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी. चांदी का मौजूदा भाव इससे पहले 10 दिसंबर 2025 के आसपास देखा गया था, जब इसकी कीमत करीब 1.92 लाख रुपये प्रति किलोग्राम थी.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोनाचांदी कमजोर
विदेशी बाजारों में भी सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई. अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 53.15 डॉलर यानी 1.32 प्रतिशत गिरकर 3,968.24 डॉलर प्रति औंस पर आ गया. इस गिरावट के साथ सोना 4,000 डॉलर प्रति औंस के अहम स्तर से नीचे फिसल गया. वहीं, चांदी की कीमत में करीब 4 प्रतिशत की गिरावट आई और इसका भाव 50.12 डॉलर प्रति औंस रह गया. अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें गिरने का असर भारतीय बाजार में भी देखने को मिला.
इंदौर में भी सस्ता हुआ सोनाचांदी
इंदौर सर्राफा बाजार में भी शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई. यहां सोना 800 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ, जबकि चांदी के भाव में 7,500 रुपये प्रति किलोग्राम की कमी आई. कारोबारियों के मुताबिक, इंदौर में सोने का औसत भाव 1,43,000 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी का भाव 1,88,000 रुपये प्रति किलोग्राम रहा. वहीं, चांदी का सिक्का 2,650 रुपये प्रति नग पर बिका.



