बिहार के समस्तीपुर में 5 नवंबर को हुए सोनू हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा हुआ है. यह वारदात किसी और ने नहीं, बल्कि सोनू के सौतेले भाई ने सुपारी देकर कराई है. समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने आरोपी की गिरफ्तारी के बाद प्रेस वार्ता में वारदात का खुलासा किया. एसपी समस्तीपुर के मुताबिक इस वारदात के लिए आरोपी भाई ने 2 लाख रुपये की सुपारी दी थी.

मामला समस्तीपुर में विभूतिपुर थाना क्षेत्र के एक मठ मंदिर का जमीनी विवाद से जुड़ा है. पुलिस के मुताबिक 5 नवंबर को कमल कुमुद उर्फ सोनू सिंह की हत्या मुसरीघरारी थाना क्षेत्र के गंगापुर पार्किंग के पास हुई थी. इसके बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जामकर आगजनी और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लाश कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. फिर मामले की जांच शुरू की गई.
मां ने दर्ज कराया एफआईआर
इस वारदात के संबंध में सोनू सिंह की मां ने पुलिस में एफआईआर दर्ज कराया था. पुलिस ने मामले की जांच करते हुए कुल चार आरोपियों को अरेस्ट किया है. इनमें दो पुराने अपराधी है. इनकी पहचान प्रशांत कुमार उर्फ पालो, कुमुद कुंदन कुमार और तीसरे आरोपी राजकुमार उर्फ राजू के रूप में हुई है. यह तीनों कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के आधारपुर गांव के रहने वाले हैं.
सौतेला भाई निकला मास्टर माइंड
पुलिस के मुताबिक चौथा आरोपी सोनू का सौतेला भाई किशोर कुणाल उर्फ मोनू है. यही वारदात का मास्टर माइंड भी है. उसने दो लाख रुपयों में सुपारी किलर हॉयर किए और वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के मुताबिक 2020 में मुसरीघरारी थाना क्षेत्र में एक हत्या हुई थी. इसमें मृतक सोनू का नाम भी आया था. सबूत के अभाव में कोर्ट से वह बरी हो गया, लेकिन दोनों पक्षों में पुरानी अदावत चल रही थी.
यह है मामला
मृतक के पिता विभूतिपुर थाना क्षेत्र स्थित एक मठ यानी मंदिर की जमीन के संरक्षक थे. जमीन से होने वाली आय भी उस परिवार को जाती थी. मृतक का सौतेला भाई मोनू का कहना है उस जमीन का एक हिस्सा गिरवी रखकर समयसमय पर पैसा उठाया गया था. इसी बात को लेकर परिवार में विवाद था.



