खाना खाने के बाद अक्सर सवाल होता है कि तुरंत लेट जाएं, कुछ देर आराम करें, टहलने निकलें या अपने काम में लग जाएं? खाने के बाद की छोटीसी आदत भी पाचन, ब्लड शुगर और शरीर की ऊर्जा पर असर डाल सकती है. इसलिए भोजन के बाद सही गतिविधि चुनना जरूरी है. खाने के तुरंत बाद न तो बहुत मेहनत वाला काम करना चाहिए और न ही बिस्तर पर लेट जाना सही है. डॉ. रत्नेश जेनॉ का कहना है कि खाने के बाद करीब 10 से 15 मिनट हल्की चाल से टहलना एक अच्छी आदत मानी जाती है.

इससे शरीर सक्रिय रहता है और मांसपेशियां ग्लूकोज का इस्तेमाल करने लगती हैं, जिससे भोजन के बाद ब्लड शुगर में होने वाली बढ़ोतरी को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है.
खाना खाते ही सैर, आराम या तुरंत काम… क्या है सही?
खाने के बाद हल्का टहलना सबसे बेहतर डॉक्टर कहते हैं कि हल्की वॉक पेट को भारी महसूस होने से भी बचा सकती है. हालांकि, खाने के तुरंत बाद तेज दौड़ना, जिम में भारी एक्सरसाइज करना या बहुत तेज चलना उचित नहीं है. इससे पेट में असहजता, ऐंठन या उलझन महसूस हो सकती है.
क्या खाना खाने के बाद आराम करना चाहिए? एक्सपर्ट कहते हैं कि अगर शरीर थका हुआ है तो कुछ देर आराम किया जा सकता है, लेकिन तुरंत बिस्तर पर लेटना बेहतर नहीं माना जाता. खासकर जिन लोगों को एसिडिटी या एसिड रिफ्लक्स की समस्या रहती है, उनके लिए भोजन के तुरंत बाद लेटने से परेशानी बढ़ सकती है.
आराम करना हो तो कुछ समय सीधे बैठना बेहतर विकल्प है. कुर्सी पर आराम से बैठकर सामान्य गतिविधियां की जा सकती हैं.
क्या तुरंत ऑफिस का काम कर सकते हैं? डॉक्टर के मुताबिक हल्का काम जैसे सामान्य बातचीत, थोड़ी देर बैठकर पढ़ना या डेस्क पर जरूरी काम करना आमतौर पर ठीक है. लेकिन भोजन के तुरंत बाद बहुत ज्यादा शारीरिक मेहनत या तनाव वाला काम करने से बचना चाहिए. शरीर को भोजन पचाने के लिए भी समय चाहिए.
खाने के बाद कितनी देर में लेटना चाहिए? अगर रात का खाना खाया है तो तुरंत सोने के बजाय करीब 2 से 3 घंटे का अंतर रखना बेहतर माना जाता है. इससे भोजन को पचने का समय मिलता है और एसिड रिफ्लक्स जैसी परेशानी की संभावना कम हो सकती है. भोजन के तुरंत बाद बहुत ज्यादा चायकॉफी पीना, धूम्रपान करना, भारी एक्सरसाइज करना या तुरंत सो जाना अच्छी आदत नहीं है. बहुत ज्यादा तलाभुना या भारी भोजन करने के बाद तो इन बातों का ध्यान रखना और भी जरूरी है.
सबसे अच्छा तरीका क्या है? खाने के बाद कुछ मिनट आराम से बैठें और फिर 1015 मिनट हल्की वॉक करें. इसके बाद सामान्य काम किया जा सकता है. रात में सोने से पहले पर्याप्त अंतर रखें. अगर भोजन के बाद लगातार सीने में जलन, पेट दर्द, उल्टी, अत्यधिक गैस या दूसरी परेशानी होती है, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है. कुल मिलाकर, खाने के बाद हल्की वॉक और थोड़ी देर सीधा बैठना, तुरंत लेटने या भारी काम करने से बेहतर विकल्प है.



