मध्य प्रदेश के मुलताई में नाबालिग बच्चों को गांजा तस्करी के लिए इस्तेमाल करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने छह माह की तलाश के बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी किसन दरवाई गांजा का अवैध कारोबार चलाने के लिए नाबालिगों से सप्लाई करवाता था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक की ओर से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार, 27 अप्रैल को थाना मुलताई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मासोद रोड हाईवे ब्रिज के पास दो व्यक्ति बिना नंबर की कालीनीली मोटरसाइकिल से अवैध रूप से गांजा बेचने पहुंचे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों अपचारी बालकों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक थैली में रखा 1.408 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत 15 हजार रुपये आंकी गई। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 70,000 रुपये बताई गई।
पूछताछ में दोनों अपचारी बालकों ने खुलासा किया कि ग्राम गरव्हा निवासी किसन दरवाई ने उन्हें गांजा बेचने के लिए दिया था। उसने उन्हें मुलताई में किसी व्यक्ति को गांजा सौंपकर रुपये वापस लाने के लिए कहा था। इस मामले में थाना मुलताई में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 95 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई थी।
प्रकरण का मुख्य आरोपी किसन पिता स्वर्गीय कल्लू उर्फ रमेश दरवाई , निवासी ग्राम गरव्हा, घटना के दिन से ही लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 10 हजार रुपये के इनाम की उद्घोषणा की थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
इसी दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को उसके निवास से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। नाबालिग बच्चों के जरिए गांजे की सप्लाई कराने के मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की कार्रवाई में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।



