
खरड़, मोहाली, पंजाब: न्यू सन्नी एन्क्लेव इलाके में कार सवार तीन अज्ञात युवकों ने बाइक पर जा रहे एक युवक को निशाना बनाकर उसका आईफोन-13 और 2500 रुपये छीन लिए। घटना 27 अक्टूबर की बताई जा रही है। पीड़ित की शिकायत पर थाना सदर खरड़ पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाइक के आगे कार लगाकर रोका
सेक्टर-125 स्थित न्यू सन्नी एन्क्लेव निवासी आशीष ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त रवि कुमार के साथ बाइक से घर लौट रहा था। दोनों एयरपोर्ट रोड से कंबोज अस्पताल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई सफेद रंग की कार ने उनकी बाइक के आगे गाड़ी लगाकर उन्हें रोक लिया।
जेब से मोबाइल और नकदी लेकर फरार
आशीष के मुताबिक, कार से दो युवक नीचे उतरे और उसकी पैंट की बाईं जेब से आईफोन-13 निकाल लिया। आरोपियों ने उसकी जेब में रखे 2500 रुपये भी छीन लिए। इसके बाद तीनों युवक कार में बैठकर मौके से फरार हो गए।
पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने और छीना गया सामान वापस दिलाने की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
थाना सदर खरड़ के जांच अधिकारी मनविंदर सिंह के अनुसार, आशीष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।



