UP AQIS Terrorist Arrest: उत्तर प्रदेश एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए AQIS से जुड़े एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान करीब 19 साल के मोहम्मद नबील के रूप में हुई है। नबील आजमगढ़ के दीदारगंज थाना क्षेत्र के चितारा महमूदपुर गांव का रहने वाला है।

युवाओं को आंतकी सोच से जोड़ने का आरोप
ATS के अनुसार, नबील सोशल मीडिया पर संदिग्ध गतिविधियों में शामिल था। उस पर युवाओं को आतंकी सोच से जोड़ने की कोशिश करने का आरोप है। जांच में सामने आया कि नबील अल कायदा इंडियन सबकॉन्टिनेंट की विचारधारा से प्रभावित था।
ला गालिबइल्लल्लाह नाम से व्हाट्सएप ग्रुप
ATS के मुताबिक, नबील ने व्हाट्सएप पर ‘ला गालिबइल्लल्लाह’ नाम से एक ग्रुप बनाया था। आरोप है कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर भारत में गजवाएहिंद की साजिश की तैयारी कर रहा था। आरोपी के खिलाफ लखनऊ में केस दर्ज किया गया है और उसे कोर्ट में पेश किया जा रहा है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
मौलाना आसिम उमर से जुड़ा था आतंकी
ATS के मुताबिक, इस ग्रुप के जरिए युवाओं को आतंकी गतिविधियों के लिए तैयार करने की कोशिश की जा रही थी। ग्रुप में जिहाद, चाकू, केमिकल, प्लान, ट्रिप, पेन, जूस और प्रोजेक्ट जैसे शब्दों को कोड के तौर पर इस्तेमाल किया जाता था। जांच के अनुसार, नबील ने ग्रुप में ‘जिहाद करने के 44 तरीके’ नाम की एक किताब भी शेयर की थी। ATS ने इस किताब को AQIS के पूर्व प्रमुख आतंकी मौलाना आसिम उमर से जुड़ा बताया है।
ये खबर भी पढ़ें:
व्हाट्सएप ग्रुप से कई देशों के लोग जुड़े
इसके अलावा ‘तीसरी जंगएअजीम और दज्जाल’ नाम की किताब भी ग्रुप में शेयर किए जाने की जानकारी मिली है। ATS के अनुसार, नबील के मोबाइल से ‘Flames of War’ समेत कई अन्य WhatsApp ग्रुपों से जुड़े होने के सबूत मिले हैं। इन ग्रुपों में बांग्लादेश, म्यांमार और सऊदी अरब समेत कई देशों के लोग जुड़े होने की बात भी सामने आई है।
ये खबर भी पढ़ें:
बांग्लादेश में ट्रेनिंग और बम बनाने की प्लानिंग
ATS के मुताबिक, आरोपी दूसरे देशों में जाकर आतंकी ट्रेनिंग लेने की तैयारी कर रहा था। जांच में पाकिस्तान, तुर्की और बांग्लादेश में ट्रेनिंग लेने और बम बनाने की योजना से जुड़ी जानकारी सामने आई है। आरोपी की बातचीत में बम बनाने के तरीके और पोटैशियम नाइट्रेट हासिल करने को लेकर चर्चा मिलने का भी दावा किया गया है।



