TrendingUttar Pradesh

​UP Politics : ये सरकार जाने वाली है…, बुलंदशहर में कार्यक्रम रद्द होने पर अखिलेश का योगी सरकार पर तीखा हमला

​UP Politics : ये सरकार जाने वाली है…, बुलंदशहर में कार्यक्रम रद्द होने पर अखिलेश का योगी सरकार पर तीखा हमला

लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 11 सितंबर को प्रस्तावित बुलंदशहर दौरा हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति न मिलने के कारण स्थगित हो गया है। कार्यक्रम रद्द होने के बाद अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोला।

सपा मुखिया ने कहा कि “ये सरकार जाने वाली है” और सवाल किया कि सरकार उनके कार्यक्रम से क्यों घबरा रही है। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि विपक्ष के कार्यक्रमों के लिए जानबूझकर अड़चनें पैदा की जा रही हैं और इस सरकार में लोगों के अधिकार छीने जा रहे हैं।

हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली

सपा जिलाध्यक्ष मतलूब अली के मुताबिक, अखिलेश यादव का 11 सितंबर का प्रस्तावित कार्यक्रम हेलीकॉप्टर लैंडिंग की अनुमति न मिलने के कारण स्थगित किया गया है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की नई तिथि तय होने के बाद इसकी जानकारी दी जाएगी। वहीं, नगर मजिस्ट्रेट जेपी पांडेय ने बताया कि तकनीकी जांच में कार्यक्रम स्थल का मैदान सुरक्षित हेलीकॉप्टर लैंडिंग के अनुकूल नहीं पाया गया। इसी वजह से लैंडिंग की अनुमति नहीं दी गई।

अखिलेश बोले कार्यक्रम रद्द करने का बहाना ढूंढ रहा प्रशासन

अखिलेश यादव ने कार्यक्रम स्थगित होने के बाद प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाए। उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा कि बुलंदशहर के हेलीपैड पर दूरदूर तक जलभराव नहीं है। उनका आरोप है कि सीमेंट, गारा और पेवर ब्लॉक दिखाकर शासन के निर्देश पर कार्यक्रम रद्द करने का बहाना खोजा जा रहा है।

उन्होंने मांग की कि सपा पदाधिकारियों के सामने निष्पक्ष विशेषज्ञों से मैदान की जांच कराकर सच्चाई सामने लाई जाए। अखिलेश ने यह भी सवाल उठाया कि यदि वह सड़क मार्ग से बुलंदशहर आएंगे तो क्या एक्सप्रेसवे, हाईवे या सड़क खराब होने का बहाना बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता पूछ रही है कि हेलीपैड और मौसम केवल विपक्ष के लिए ही क्यों खराब होता है?

सपा ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

सपा के मीडिया प्रकोष्ठ ने भी इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। प्रकोष्ठ ने ‘एक्स’ पर एआई से तैयार वीडियो पोस्ट कर सरकार पर राजनीतिक बदले की भावना से काम करने का आरोप लगाया। सपा ने इसे लोकतंत्र और संविधान के साथ खिलवाड़ बताया।

भाजपा ने कहा सुरक्षा मानकों के कारण नहीं मिली अनुमति

भाजपा ने सपा के आरोपों को खारिज किया है। भाजपा नेता और पश्चिमी उत्तर प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह सिसोदिया ने कहा कि हेलीकॉप्टर और विमान की लैंडिंग के लिए निर्धारित सुरक्षा मानक होते हैं। यदि मैदान उन मानकों के अनुरूप नहीं था तो स्थानीय अधिकारियों ने अनुमति नहीं दी होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अखिलेश यादव को कार्यक्रम करने से जानबूझकर रोकने का कोई कारण नहीं है।

सिसोदिया ने सपा पर पलटवार करते हुए 2017 के विधानसभा चुनाव से पहले अखिलेश यादव सरकार पर योगी आदित्यनाथ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश में प्रस्तावित कार्यक्रमों की अनुमति नहीं देने का आरोप भी लगाया। सिसोदिया ने कहा कि उन पाबंदियों के बावजूद भाजपा ने 2017 का विधानसभा चुनाव बड़े अंतर से जीता और बाद में योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने। उन्होंने दावा किया कि भाजपा राजनीतिक विरोधियों के प्रति द्वेष की भावना से काम नहीं करती।

इसे भी पढ़ें

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply