
नोएडा, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश को वैश्विक वस्त्र केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रदेश सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग विभाग की ओर से ‘यू.पी. टैक्स2026’ सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। मुख्य सम्मेलन से पहले गुरुवार को नोएडा में कर्टेन रेजर और रोड शो आयोजित किया जाएगा।
इसके जरिए प्रदेश में टेक्सटाइल उद्योग की संभावनाओं, निवेश के अवसरों और सरकार की नीतियों से उद्योग जगत को अवगत कराया जाएगा। परिक्षेत्रीय सहायक आयुक्त अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि ‘यू.पी. टैक्स2026’ का मुख्य सम्मेलन 8 और 9 सितंबर को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में होगा। सम्मेलन का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
मंत्री राकेश सचान करेंगे रोड शो का नेतृत्व
मुख्य सम्मेलन से पहले नोएडा में गुरुवार सुबह 11 बजे कर्टेन रेजर एवं रोड शो होगा। इसका नेतृत्व प्रदेश के खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा एवं वस्त्रोद्योग मंत्री राकेश सचान करेंगे। रोड शो के माध्यम से वस्त्र एवं परिधान उद्योग से जुड़े उद्यमियों, निवेशकों और अन्य हितधारकों को सम्मेलन के उद्देश्यों और कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी दी जाएगी। साथ ही उत्तर प्रदेश में टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश और विस्तार की संभावनाओं को भी प्रमुखता से रखा जाएगा।
निवेशक, निर्माता और निर्यातक एक मंच पर आएंगे
‘यू.पी. टैक्स2026’ को प्रदेश के वस्त्र उद्योग के लिए महत्वपूर्ण मंच के रूप में देखा जा रहा है। सम्मेलन में नीति निर्माता, वैश्विक निवेशक, वस्त्र निर्माता, निर्यातक और टेक्सटाइल क्षेत्र से जुड़े नवप्रवर्तक एक मंच पर जुटेंगे। इस दौरान प्रदेश में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार, निवेश आकर्षित करने, उत्पादन बढ़ाने और निर्यात क्षमता को मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा होगी। वैश्विक निवेश, उत्पादन, निर्यात, नवाचार और उद्योग के लिए अनुकूल कारोबारी माहौल जैसे विषयों पर भी मंथन होगा।
हथकरघा विरासत को आधुनिक उद्योग से जोड़ने की तैयारी
प्रदेश सरकार का लक्ष्य उत्तर प्रदेश की पारंपरिक हथकरघा और हस्तशिल्प विरासत को आधुनिक टेक्सटाइल उद्योग से जोड़ना है। इसके जरिए यूपी को वैश्विक स्तर पर मजबूत वस्त्र विनिर्माण और निर्यात केंद्र के रूप में स्थापित करने की तैयारी है। सरकार उद्योग जगत के साथ बेहतर समन्वय बनाकर टेक्सटाइल सेक्टर में निवेश बढ़ाने पर जोर दे रही है। नोएडा में होने वाला रोड शो इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
निवेश और रोजगार के नए अवसरों की उम्मीद
सरकार की इस पहल से आने वाले समय में प्रदेश में टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश, उत्पादन, निर्यात और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। ‘यू.पी. टैक्स2026’ के जरिए उत्तर प्रदेश को देश ही नहीं, बल्कि वैश्विक वस्त्र उद्योग के मानचित्र पर और मजबूत स्थिति दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।



