TrendingUttar Pradesh

​श्रीकृष्ण जन्माष्टमी : आकर्षक ढंग से सजाया जा रहा भक्तिधाम मनगढ़, गूंजेगा राधे-राधे

कुंडा,प्रतापगढ़ अमृत विचार : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर जिले में सबसे बड़ा आयोजन कुंडा स्थित मनगढ़ के भक्तिधाम मंदिर में होता है। इस बार भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को यादगार बनाने की तैयारियां तेज हैं। यहां गुरुवार शाम से ही सजावट मन मोहने लगेगी। लोग अभी से ही मनगढ़ पहुंचने लगे हैं। भक्तिधाम में लगभग दो लाख से अधिक भक्तों के आने की संभावना जताई जा रही है। इसे लेकर सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रयागराज रेंज के आईजी अजय मिश्रा,डीएम अभिषेक पांडेय,एसपी दीपक भूकर,एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय समेत पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया। आईजी ने पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग, रूट डायवर्जन और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। 

उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए और यातायात व्यवस्था पूरी तरह सुचारु रखी जाए। सुरक्षा के मद्देनजर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में बम स्क्वाड, डॉग स्क्वाड और स्वाट टीम समेत पुलिस की विभिन्न टीमें निगरानी में तैनात रहेंगी। आईजी ने पुलिसकर्मियों की ड्यूटी को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जन्माष्टमी के दिन सुरक्षा व्यवस्था की सीधी निगरानी आईजी प्रयागराज स्वयं मनगढ़ में रहकर करेंगे, जबकि एसपी प्रतापगढ़ दीपक भूकर भी पूरे दिन मनगढ़ में मौजूद रहेंगे। इससे साफ है कि इस बार मनगढ़ में जन्माष्टमी आयोजन को लेकर पुलिसप्रशासन ने सुरक्षा को लेकर कोई जोखिम न लेने की रणनीति बनाई है। भक्ति धाम की ओर से राजीव तनेजा, युवराज सिंह और अंशुल गुप्ता ने आईजी व अधिकारियों को जन्माष्टमी कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं और आयोजन की पूरी जानकारी दी।

जन्माष्टमी की तैयारियां तेज, कान्हा के परिधान और झांकियों से सजे बाजार

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर प्रतापगढ़ में तैयारियां तेज हो गई हैं। 4 सितंबर की आधी रात मंदिरों के साथ ही घरघर में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। जन्माष्टमी को लेकर शहर से लेकर तहसील स्तर तक बाजारों में भगवान श्रीकृष्ण की सजावट और पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। भक्त भी अपने लड्डू गोपाल और कान्हा जी के जन्मोत्सव को खास बनाने के लिए खरीदारी में जुट गए हैं।

शहर के सिविल लाइंस, कचहरी रोड, बाबागंज, पंजाबी मार्केट, चिलबिला और महुली सहित प्रमुख बाजारों में सड़क किनारे काउंटर लगाकर जन्माष्टमी से जुड़ी सामग्री की बिक्री शुरू हो गई है। इसके अलावा कुंडा, रानीगंज, पट्टी और लालगंज की प्रमुख बाजारों में भी दुकानों पर भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव से संबंधित सजावट और पूजन सामग्री उपलब्ध है।

मथुरावृंदावन की लीलाओं की झांकियां बनी आकर्षण

बाजारों में भगवान श्रीकृष्ण की जीवन गाथा से जुड़ी आकर्षक झांकियां लोगों को अपनी ओर खींच रही हैं। मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन, रासमंडल, निधिवन, यमुना की बाल लीला और श्रीकृष्ण के कारागार में जन्म लेने के दृश्य को झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही 84 कोस की परिक्रमा से जुड़े विभिन्न धार्मिक स्थलों और श्रीकृष्ण की लीलाओं को भी सजावटी स्वरूप में तैयार किया गया है। कलाकारों ने इन झांकियों को आकर्षक बनाने के लिए काफी मेहनत की है। भक्त अपने घरों और मंदिरों में सजावट के लिए इन झांकियों की खरीदारी कर रहे हैं।

पश्चिम बंगाल और मेरठ से आए कान्हा के परिधान

जन्माष्टमी के अवसर पर लड्डू गोपाल को सजाने के लिए तरहतरह के परिधान बाजार में उपलब्ध हैं। राधाकृष्ण की पोशाक, मुकुट, टोपी, बांसुरी, माला, आभूषण और अन्य सजावटी सामग्री भक्तों को खूब पसंद आ रही है। दुकानदारों के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण के परिधान और सजावट की कई सामग्री पश्चिम बंगाल और मेरठ की उत्पादन इकाइयों से बाजार तक पहुंची है। अलगअलग डिजाइन और आकार में उपलब्ध इन सामग्रियों की खरीदारी के लिए शाम के समय बाजारों में लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है।

झूले और सजावट सामग्री की भी मांग

जन्माष्टमी पर भगवान श्रीकृष्ण को झूला झुलाने की परंपरा को लेकर बाजारों में विभिन्न डिजाइन के झूले भी उपलब्ध हैं। छोटे से लेकर आकर्षक सजावटी झूलों तक की कई वैरायटी दुकानों पर रखी गई है। इसके अलावा मंदिर और घर की सजावट के लिए रंगबिरंगी लाइट, फूल, झालर, पर्दे और अन्य पूजन सामग्री भी बिक रही है। भक्त जन्माष्टमी के दिन भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के समय विशेष पूजाअर्चना की तैयारी कर रहे हैं। कई परिवारों ने घरों में लड्डू गोपाल के लिए विशेष झांकी और पालना सजाने की तैयारी भी शुरू कर दी है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply