
विंदेश्वरीगंज/सुलतानपुर, अमृत विचार। भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का पावन पर्व श्रीकृष्ण जन्माष्टमी आज बल्दीराय तहसील क्षेत्र में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया जाएगा। जन्माष्टमी को लेकर क्षेत्र के मंदिरों, धार्मिक स्थलों और विभिन्न स्थानों पर आकर्षक सजावट की गई है। कई जगहों पर भव्य पंडाल सजाकर भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमाएं विराजमान कराई गई हैं। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसी पावन तिथि को भगवान विष्णु ने श्रीकृष्ण के रूप में धरती पर अवतार लिया था। भगवान श्रीकृष्ण का जन्म मथुरा के कारागार में देवकी और वसुदेव के पुत्र के रूप में हुआ था। इसी कारण जन्माष्टमी के अवसर पर मध्यरात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का उत्सव मनाने की विशेष परंपरा है।
बल्दीराय तहसील क्षेत्र के देहली बाजार, बहुराँवा, तिरहुंत, बल्दीराय कस्बा, हरौरा बाजार सहित विभिन्न गांवों और बाजारों में जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिरों और पंडालों को रंगबिरंगी झालरों, फूलमालाओं और आकर्षक विद्युत सजावट से सजाया गया है। शाम होते ही रोशनी से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आएगा।
देहली बाजार में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं। यहां आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं और भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विराजमान कराई गई है। जन्माष्टमी के अवसर पर धार्मिक कार्यक्रमों के साथ आल्हा गायन का भी आयोजन किया गया है। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
बल्दीराय के देहली बाजार तैयारियां पूरी सजा आकर्षक पंडाल
वहीं बल्दीराय थाना परिसर में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया है। भजन संध्या में राष्ट्रीय कथा व्यास पूज्य मनीष शुक्ल भैयाजी एवं उनकी टीम द्वारा भक्तिमय एवं शानदार प्रस्तुतियां दी जाएंगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
थाना परिसर को भी जन्माष्टमी के लिए आकर्षक ढंग से सजाया गया है। पुलिसकर्मियों और क्षेत्रीय लोगों द्वारा मिलकर आयोजन की तैयारियां की गई हैं। भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर मध्यरात्रि में विशेष पूजाअर्चना और आरती का आयोजन होगा।
बल्दीराय क्षेत्र के विभिन्न थाना और चौकी परिसरों में भी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी। पुलिसकर्मियों द्वारा धार्मिक आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। देर रात तक चलने वाले कार्यक्रमों में भजनकीर्तन, पूजाअर्चना और प्रसाद वितरण किया जाएगा।
बाजारों में भी दिखी जन्माष्टमी की रौनक
जन्माष्टमी को लेकर देहली बाजार, बल्दीराय, धनपतगंज समेत क्षेत्र के प्रमुख बाजारों में भी खूब रौनक रही। बाजारों में लड्डू गोपाल की आकर्षक पोशाक, मूर्तियां, झूले, मुकुट, बांसुरी सहित पूजन सामग्री की दुकानें सज गई हैं। दिनभर श्रद्धालुओं ने जमकर खरीदारी की। देहली बाजार निवासी दुकानदार आदर्श जायसवाल ने बताया कि इस बार लड्डू गोपाल की पीतल की मूर्तियों की मांग सबसे अधिक है। इसके अलावा भगवान श्रीकृष्ण की पोशाक और अन्य पूजन सामग्री की भी खूब बिक्री हो रही है। जन्माष्टमी को लेकर बाजारों में देर शाम तक खरीदारी का सिलसिला जारी रहा।



