UPI MDR Rules: भारत का डिजिटल पेमेंट सिस्टम यूपीआई आज दुनिया भर में अपनी कामयाबी का डंका बजा रहा है. अगस्त 2026 में ही इस प्लेटफॉर्म पर 2,451 करोड़ से ज्यादा लेनदेन हुए, जिनकी कुल कीमत करीब 29.9 लाख करोड़ रुपये रही. इस विशाल नेटवर्क को सुचारू रूप से चलाने के लिए अब एक नए मर्चेंट डिस्काउंट रेट ढांचे का ऐलान हुआ है. 15 अक्टूबर 2026 से 2000 रुपये से ज्यादा के मर्चेंट पेमेंट्स पर 0.4 प्रतिशत का चार्ज लगेगा.

इस खबर के सामने आते ही कई लोगों को लगा कि बैंक या फिनटेक कंपनियां इससे मोटा मुनाफा कमाने वाली हैं. लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग है. जानकारों की मानें तो ये नया एमडीआर कोई छप्पर फाड़ कमाई का जरिया नहीं है, बल्कि इस पूरे ढांचे को जिंदा रखने की एक जरूरी फीस है. सबसे खास बात ये है कि इस बदलाव में छोटे दुकानदारों, रेहड़ीपटरी वालों से लेकर आम ग्राहकों को पूरी तरह सुरक्षित रखा गया है. आइए समझते हैं कि इस नए ढांचे के पीछे की असली कहानी क्या है.
20 हजार करोड़ का सालाना खर्च
यूपीआई आज जितना आसान दिखता है, उसके पीछे का तकनीकी ढांचा उतना ही जटिल है. पेमेंट काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन विश्वास पटेल का कहना है कि यूपीआई को अपने इस विशाल रूप को बनाए रखने के लिए एक टिकाऊ आर्थिक मॉडल की सख्त जरूरत है. एक इंडस्ट्री अनुमान के मुताबिक, यूपीआई सिस्टम को चलाने का सालाना खर्च करीब 20,000 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है. इसमें सर्वर का रखरखाव, साइबर सुरक्षा, फ्रॉड से बचाव के उपाय, बैंकिंग तकनीक का सपोर्ट शामिल है.
शुरुआती दौर में डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के लिए सरकार की तरफ से जो सब्सिडी दी जाती थी, वो सिर्फ एक ब्रिज फंड था. इतने बड़े पेमेंट सिस्टम को हमेशा के लिए सरकारी फंड के भरोसे नहीं चलाया जा सकता. ऐसे में ये जो नया 0.4 प्रतिशत का एमडीआर लागू किया गया है, उसका असल मकसद मुनाफा कमाना नहीं है. इसका टारगेट सिर्फ इतना है कि इस इकोसिस्टम को चलाने, अपग्रेड करने से लेकर नई तकनीक लाने का खर्च निकल सके.
जब किसी बड़े पेमेंट पर एमडीआर कटेगा, तो वो पैसा किसी एक कंपनी की जेब में नहीं जाएगा. नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की संचालन समिति ने इसे बांटने का फॉर्मूला भी लगभग तय कर लिया है. इस चार्ज का 40 प्रतिशत हिस्सा पेमेंट जारी करने वाले बैंक को मिलेगा. 30 प्रतिशत हिस्सा यूपीआई ऐप को जाएगा. बाकी बचा 30 प्रतिशत पैसा उस बैंक को मिलेगा जिसका क्यूआर कोड मर्चेंट के पास लगा है. इसका मतलब है कि पेमेंट ऐप्स के हाथ में इस चार्ज का एक बहुत छोटा हिस्सा ही आएगा. इसी छोटी सी रकम से उन्हें तकनीक, फ्रॉड कंट्रोल, कस्टमर सपोर्ट से लेकर मर्चेंट सर्विसिंग पर खर्च करना होगा.
छोटे व्यापारियों के लिए सुरक्षा कवच
इस नए ढांचे की सबसे बड़ी खासियत ये है कि इसमें वित्तीय समावेशन का पूरा ख्याल रखा गया है. सिस्टम को भले ही पैसे की जरूरत है, लेकिन इसकी कीमत छोटे दुकानदारों को नहीं चुकानी पड़ेगी. पी2पीएम कैटेगरी में आने वाले छोटे व्यापारियों को नए एमडीआर से पूरी तरह बाहर रखा गया है.
अगर कोई छोटा दुकानदार अपने यूपीआई क्यूआर कोड के जरिए महीने में 1 लाख रुपये तक की पेमेंट लेता है, तो उसे एक रुपये का भी एमडीआर नहीं देना होगा. मजे की बात ये है कि अगर कोई ग्राहक उसे 2000 रुपये से ज्यादा का भी एकमुश्त पेमेंट करता है, तब भी उस छोटे दुकानदार पर कोई चार्ज नहीं लगेगा. हां, अगर कोई मर्चेंट लगातार तीन महीने तक 1 लाख रुपये से ज्यादा की कमाई यूपीआई से करता है, तो उसे कमर्शियल पी2एम कैटेगरी में शिफ्ट कर दिया जाएगा. इसके बाद ही उस पर चार्ज वाले नियम लागू होंगे. छोटे दुकानदारों को इस छूट का फायदा लेने के लिए किसी जीएसटी रजिस्ट्रेशन की जरूरत भी नहीं होगी.
पीसीआई के चेयरमैन ने साफ कहा है कि सिस्टम को सस्टेनेबल बनाने की कीमत पर वित्तीय समावेशन को दांव पर नहीं लगाया जा सकता. छोटे दुकानदारों को जीरो एमडीआर की सुरक्षा देना बेहद जरूरी है. इससे वे बिना किसी डर के डिजिटल पेमेंट को अपनाना जारी रखेंगे. इसके साथ ही टियर 3 से टियर 6 शहरों, पूर्वोत्तर राज्यों, जम्मूकश्मीर से लेकर लद्दाख में यूपीआई का दायरा बढ़ाने के लिए 700 करोड़ रुपये का एक खास फंड भी बनाया जा रहा है. ये फंड छोटे मर्चेंट को जोड़ने वाली कंपनियों को वित्तीय मदद देगा.
बड़े पेमेंट्स से चलेगी सिस्टम की गाड़ी
वित्त वर्ष 202526 में दुकानदारों को ₹198 लाख करोड़ यूपीआई से पेमेंट हुए. इनमें ₹2,000 से ज्यादा के ट्रांजैक्शन सिर्फ 4% हुए, लेकिन इनकी कुल वैल्यू ₹131 लाख करोड़ थी. जो कुल पेमेंट का 66% है. इसी वजह से पेमेंट पर फीस लगाने का फैसला लिया गया.
नए सिस्टम का सीधा सा गणित है. जो व्यापारी बड़े ट्रांजैक्शन कर रहे हैं, जो कमर्शियल कैटेगरी में आते हैं, वे इस नेटवर्क की लागत का बोझ उठाएंगे. 2000 रुपये से ऊपर के पी2एम ट्रांजैक्शन पर 0.4 प्रतिशत का एमडीआर लगेगा. लेकिन यहां भी भारीभरकम चार्ज से बचने के लिए एक कैपिंग लगाई गई है. 75,000 रुपये या उससे बड़े ट्रांजैक्शन पर अधिकतम एमडीआर 300 रुपये ही होगा.
इस तरह से बड़े पेमेंट्स से आने वाला पैसा यूपीआई के मासमार्केट इंफ्रास्ट्रक्चर को फाइनेंस करने के काम आएगा. बीमा प्रीमियम, पेट्रोल पंप की खरीदारी, रेलवे टिकट, टेलीकॉम से लेकर यूटिलिटी बिल जैसे खास सेक्टर्स के लिए नियमों को और भी आसान रखा गया है. यहां 2000 रुपये से ज्यादा के पेमेंट पर 0.4 प्रतिशत की जगह सिर्फ 5 रुपये का फ्लैट चार्ज लगेगा. वहीं कैपिटल मार्केट, म्यूचुअल फंड या ब्रोकर को होने वाले पेमेंट पर 0.02 प्रतिशत का चार्ज तय किया गया है.
इस पूरे ढांचे को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि बड़े व्यापारी नेटवर्क की कीमत चुकाएं, जबकि रोजमर्रा के छोटे ट्रांजैक्शन पूरी तरह मुफ्त रहें. इस कदम से बाजार में नई फिनटेक कंपनियों के आने का रास्ता भी खुलेगा. जब सिस्टम में एक तय रेवेन्यू मॉडल होगा, तो छोटे स्टार्टअप्स भी बड़े खिलाड़ियों के साथ मुकाबला कर पाएंगे. इससे ऐप्स की सर्विस बेहतर होगी, जिससे ग्राहकों को नए विकल्प मिलेंगे.
आम जनता पर नहीं पड़ेगा कोई असर
जब भी किसी नए चार्ज की बात आती है, तो सबसे ज्यादा चिंता आम ग्राहकों को होती है. लेकिन एनपीसीआई के इस नए मॉडल में आम आदमी के लिए सब कुछ पहले जैसा ही फ्री है. एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति को भेजे जाने वाले पैसों पर कोई चार्ज नहीं लगेगा. आप अपने परिवार वालों को कितनी भी रकम भेजें, वो पूरी तरह मुफ्त रहेगा.
दुकानों पर पेमेंट करने वाले ग्राहकों को भी डरने की जरूरत नहीं है. सबसे पहली बात तो ये कि 2000 रुपये तक के मर्चेंट पेमेंट्स पूरी तरह से टैक्स फ्री हैं. आंकड़े बताते हैं कि देश में 95 प्रतिशत से ज्यादा मर्चेंट ट्रांजैक्शन 2000 रुपये से कम के ही होते हैं. अगर आप किसी दुकान पर 2000 रुपये से ज्यादा का भी पेमेंट करते हैं, तो एमडीआर दुकानदार की कमाई से कटेगा, न कि आपके बैंक खाते से. कोई भी दुकानदार ये चार्ज ग्राहकों से नहीं वसूल सकता है. साथ ही, पानी के बिल, बिजली के बिल या किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म के लिए सेट किए गए ऑटोपे ट्रांजैक्शन पर भी ग्राहकों से कोई एक्स्ट्रा चार्ज नहीं लिया जाएगा.
ये नया नियम भारत के डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम कड़ी है. विदेशी धरती पर अपनी धाक जमा रहे यूपीआई के लिए ये बेहद जरूरी हो गया था कि वो आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बने. इस नए सिस्टम से यूपीआई न सिर्फ सुरक्षित होगा, बल्कि साइबर खतरों से निपटने के लिए नई तकनीकों में निवेश भी कर पाएगा.



