
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन ने यूपी पीसीएस मुख्य परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। ऑनलाइन माध्यम से अभ्यर्थी ऑफिशियल वेबसाइट uppsc.up.nic पर जाकर परिणाम देख सकते हैं। मुख्य परीक्षा में 2297 उम्मीदवारों ने इंटरव्यू के लिए क्वालीफाई किया है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा 2025 की मुख्य लिखित परीक्षा का परिणाम गुरुवार को जारी किया है। 10,284 अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा दी थी, जिसमें से 2297 सफल हुये हैं। मुख्य परीक्षा 29 मार्च से एक अप्रैल तक हुई थी, इस परीक्षा के लिए लखनऊ और प्रयागराज केंद्र बनाये गये थे।
आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने बताया कि इस भर्ती के जरिये कुल 28 प्रकार के पदों को भरा जायेगा, 28 प्रकार के पदों के लिए 814 रिक्तियां है, इन रिक्तियों में से दो रिक्तियों को लिखित परीक्षा के जरिये भरा जायेगा। ऐसे में इन दो रिक्तियों को छोड़ते हुये 812 पदों पर चयन लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के आधार पर होगा।
अधिमान्यता और साक्षात्कार के लिए अलग से जारी होगी विज्ञप्ति
आयोग के सचिव गिरिजेश कुमार त्यागी ने साफ किया है कि मुख्य परीक्षा के आधार पर सफल हुये अभ्यर्थी जिन पदों के लिए सफल हुये हैं, उसके लिए अधिमान्यता एवं साक्षात्कार की विस्तृत विज्ञप्ति अलग से जारी होगी। वहीं अन्तिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद अभ्यर्थियों के प्राप्तांक, कटऑफ अंक आदि की सूचनायें अंतिम चयन परिणाम घोषित होने के बाद दिये जायेंगे। साथ ही यह भी बताया है कि परिणाम हाईकोर्ट में योजित रिट याचिका संख्या 4253 ऑफ 2026 अर्चित शिवम मिश्रा बनाम उत्तर प्रदेश राज्य व अन्य से संबंधित याची का परिणाम याचिका में पारित होने वाले निर्णय के अधार पर हो्गा।
इसी प्रकार यूपी के बाहर की महिला अभ्यर्थियों के परिणाम भी हाईकोर्ट के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगा।


