इटावा में मोबाइल टावर पर चढ़कर शादी की मांग करने वाले युवक ने आखिरकार अपनी प्रेमिका से परिवार और पुलिस की मौजूदगी शादी कर ली. युवक का आरोप था कि युवती के परिजन उनकी शादी के लिए राजी नहीं थे, लेकिन हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद वह मान गए.

जानकारी के अनुसार, जिले के बसरेहर थाना में किल्ली तिराहा के रविवार दोपहर करीब 4 बजे पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सुनील वाल्मीकि नाम का युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. विकास भवन में सफाई कर्मचारी के पद पर काम करने वाला सुनील अपनी प्रेमिका से शादी करना चाहता था. उसने आरोप लगाया कि युवती के परिजन उनके रिश्ते के खिलाफ हैं और उसके साथ मारपीट करते हैं.
एक घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
करीब एक घंटे तक चले इस ड्रामे के दौरान मौके पर पुलिस पहुंची और युवती को भी बुलाया गया. काफी समझाने-बुझाने के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया. इसके बाद पुलिस दोनों को थाने ले गई, जहां मामले को सुलझाने की कोशिश शुरू हुई. थाने में परिजनों ने युवती को समझाने का प्रयास किया, लेकिन उसने अपने परिवार के साथ जाने से साफ इनकार कर दिया. बालिग होने के कारण उसने अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ रहने का फैसला लिया, जिसे पुलिस ने भी स्वीकार किया.
पुलिस-परिवार की मौजूदी में हुई शादी
सोमवार को दोनों पक्षों की सहमति और युवक-युवती की इच्छा के अनुसार एक स्थानीय मंदिर में पूरे रीति-रिवाज के साथ उनकी शादी कराई गई. इस दौरान दोनों परिवारों के लोग और पुलिसकर्मी मौजूद रहे, और पूरे मामले का शांतिपूर्ण समाधान हो गया. बसरेहर थाना प्रभारी सौरभ सिंह ने बताया कि युवती बालिग है और उसने अपनी इच्छा से युवक के परिवार के साथ जाने का निर्णय लिया था. पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच सहमति बनी और अब दोनों ने विधिवत विवाह कर लिया है



