Monalisa Missing Case Update: मोनालिसा के भागने का वायरल वीडियो फर्जी निकला है. वीडियो बनाने वाला शख्स फरमान नहीं, बल्कि राजस्थान का अरविंद जोशी है, जिसने मजाक में यह वीडियो बनाया था. फर्जी वीडियो बनाकर पुलिस को गुमराह करने वाले अरविंद कुमार जोशी पर कानूनी तलवार भी लटक सकती है.

मोनालिसा के लापता होने की खबर ने जब नेशनल मीडिया में तूल पकड़ा और पुलिस का शिकंजा कसा, तो वीडियो बनाने वाले के हाथ-पांव फूल गए. खुद को फरमान बताकर सोशल मीडिया पर सनसनी फैलाने वाला यह शख्स राजस्थान के बालोतरा जिले का रहने वाला अरविंद कुमार जोशी निकला. अरविंद ने अब एक नया वीडियो जारी कर अपनी असलियत कुबूल की है और इस पूरे ड्रामे पर विराम लगा दिया है. हालांकि, इस नए वीडियो की सत्यता की पुष्टि आधिकारिक तौर पर अभी बाकी है.
‘सिर्फ मजे के लिए किया’
अरविंद कुमार जोशी ने अपनी सफाई में चौंकाने वाला बयान दिया है. उसने कहा- मैं कोई मुस्लिम (फरमान) नहीं, बल्कि एक हिंदू हूं. मैं फरमान को नहीं जानता. मैंने यह वीडियो महज मनोरंजन और सोशल मीडिया पर ‘फन’ के लिए बनाया था. मुझे इस बात का अंदाजा बिल्कुल नहीं था कि मेरा यह छोटा सा मजाक पुलिस प्रशासन और दो परिवारों के लिए इतनी बड़ी आफत बन जाएगा. मुझे वीडियो पर कई मैसेज भी लोगों ने भेजे हैं. मैं बाड़मेर राजस्थान का हूं. मेरा मोनालिसा और फरमान से कोई लिंक नहीं. अरविंद ने यह साफ कर दिया है कि मोनालिसा के भागने की बात पूरी तरह मनगढ़ंत और फर्जी थी.
वीडियो फर्जी, पर असली फरमान की मुश्किलें असली हैं
भले ही भागने वाला वीडियो एक प्रैंक निकला हो, लेकिन असली फरमान खान के लिए कानून का शिकंजा अब और भी कड़ा होने वाला है. आधिकारिक जांच में यह पुष्टि हो चुकी है कि मोनालिसा की उम्र 18 वर्ष से कम है. कानूनन नाबालिग लड़की से शादी करना अवैध है. उम्र का खुलासा होने के बाद पुलिस अब इसे ‘नाबालिग के अपहरण’ और ‘अवैध विवाह’ के नजरिए से देख रही है. इस जोड़े ने फिल्म डायरेक्टर सनोज मिश्रा पर यौन शोषण के आरोप लगाए थे, जिसने मामले को पहले ही पेचीदा बना दिया है. पुलिस अब फरमान के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रही है. वहीं, फर्जी वीडियो बनाकर पुलिस को गुमराह करने वाले अरविंद कुमार जोशी पर भी कानूनी तलवार लटक सकती है.



