Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. थाना बेहट पुलिस ने दो शातिर नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 804 ग्राम अवैध स्मैक पाउडर बरामद किया है. पुलिस के मुताबिक बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 4 करोड़ 10 लाख रुपये है. आरोपियों के पास से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बोलेरो कार, इलेक्ट्रॉनिक कांटा और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तालिब पुत्र सलीम निवासी ग्राम असगरपुर, थाना मिर्जापुर और अमित उर्फ अनित पुत्र कटार सिंह निवासी ग्राम बुठेड़ा, थाना सरसावा के रूप में की है. दोनों को गंदेवड़ अड्डे से चिलकाना की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया. मामले का खुलासा करते हुए एसपी देहात सहारनपुर मयंक पाठक ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी बरेली से स्मैक लाकर सहारनपुर में छोटेछोटे पर्चेजरों को सप्लाई करते थे. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है.
पुलिस कर रही जांच
एसपी देहात ने बताया कि आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं. यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी स्मैक कहां से खरीदते थे और सहारनपुर में किनकिन लोगों को इसकी सप्लाई करते थे. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस गिरोह के तार उत्तर प्रदेश के अलावा अन्य राज्यों या स्थानों से भी जुड़े हैं या नहीं.
इस कार्रवाई में थाना बेहट पुलिस के साथ सर्विलांस और स्वाट टीम की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. पुलिस अब आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य जानकारी के आधार पर उनके संपर्कों की पड़ताल कर रही है. जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में आरोपियों के अलावा और कितने लोग शामिल हैं.
804 ग्राम स्मैक बरामद
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं. तालिब के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तीन मुकदमे, जबकि अमित उर्फ अनित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 804 ग्राम स्मैक, बोलेरो कार संख्या UP17H2298, एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. पुलिस को आशंका है कि इलेक्ट्रॉनिक कांटे का इस्तेमाल स्मैक की छोटीछोटी मात्रा तैयार कर ग्राहकों को सप्लाई करने में किया जाता था.
दो आरोपी गिरफ्तार
सहारनपुर पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन सवेरा का उद्देश्य नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाते हुए नशा तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क को खत्म करना है. पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से मिले इनपुट के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है. जांच पूरी होने के बाद नशे के इस नेटवर्क से जुड़े कई और नाम सामने आने की संभावना है.


