IndiaUttar Pradesh

UP: घरों में डालता डाका, विरोध करने पर करता मर्डर… 21 केस; कौन था आसिफ, जिसका STF ने किया एनकाउंटर?

UP STF Encounter Asif : उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स की टीम ने कुख्यात अपराधी आसिफ उर्फ विक्की का एनकाउंटर कर दिया है. वह एक लाख का इनामी था. अंबेडकरनगर जिले के बिवाना में एसटीएफ की टीम के साथ विक्की की मुठभेड़ हुई. इस दौरान गोली लगने से विक्की गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, विक्की अलगअलग राज्यों में डकैती और हत्या जैसी वारदातों में वांछित था.

UP: घरों में डालता डाका, विरोध करने पर करता मर्डर… 21 केस; कौन था आसिफ, जिसका STF ने किया एनकाउंटर?

मृतक की पहचान आसिफ उर्फ विक्की के रूप में हुई है. वह कानपुर के मकनपुर का रहने वाला था. वह लंबे समय से फरार चल रहा था और उसकी गिरफ्तारी पर उत्तर प्रदेश पुलिस ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था.

एसटीएफ के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से 32 बोर की एक पिस्टल, 12 बोर की पौनिया , भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है. पुलिस ने बरामद हथियारों और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है.

बंधक बनाकर डकैती करता था

पुलिस के अनुसार, आसिफ अपने गैंग के साथ मिलकर घरों में घुसकर लोगों को बंधक बनाकर डकैती करता था. विरोध करने पर वह और उसके साथी धारदार हथियारों या अन्य माध्यमों से हत्या करने से भी नहीं हिचकते थे. उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में डकैती, हत्या, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के 21 से अधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं.

आसिफ कई चर्चित और जघन्य आपराधिक मामलों में वांछित था. वर्ष 2013 में सुल्तानपुर के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र में उसने अपने गैंग के साथ घर में घुसकर हत्या के बाद डकैती की वारदात को अंजाम दिया था. वर्ष 2014 में जौनपुर के शाहगंज थाना क्षेत्र में उसने साथियों के साथ एक परिवार को बंधक बनाकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी लूट ली थी. इस दौरान परिवार के पांच सदस्यों पर धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिसमें स्वाति और सुमन नामक दो महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई थी.

2015 में डकैती के दौरान दो लोगों की हत्या कर दी थी

इसके अलावा वर्ष 2015 में कौशांबी के कोखराज थाना क्षेत्र में डकैती के दौरान दो लोगों की हत्या कर दी थी. मुजफ्फरनगर के छपार थाना क्षेत्र में एक ही रात कई घरों में डकैती की वारदातों में भी उसका नाम सामने आया था. छपार की घटना में उसने अपने साथियों के साथ एक परिवार को बंधक बनाया और विरोध करने पर घर की पुत्रवधू पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था.

पुलिस के अनुसार, वर्ष 2021 में कानपुर देहात के रसूलाबाद थाना क्षेत्र में तासीम नामक व्यक्ति की हत्या के मामले में भी आसिफ आरोपी था. एसटीएफ का कहना है कि लंबे समय से फरार चल रहे इस कुख्यात अपराधी के मारे जाने के बाद उसके गैंग और उससे जुड़े अन्य अपराधियों के संबंध में भी जांच तेज कर दी गई है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply