
प्रयागराज/लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में होने वाली नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थियों का चयन शैक्षिक अंकों के आधार पर नहीं होगा। इसकी जगह लिखित परीक्षा के जरिए उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। नई व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और सभी अभ्यर्थियों के लिए समान अवसर देने वाला कदम माना जा रहा है।
दरअसल, भर्ती प्रक्रिया का संचालन करने वाले उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने यह नया बदलाव किया है। आयोग शिक्षक भर्ती को लेकर नया पाठ्यक्रम बना रहा है। जल्द ही आयोग की ओर से विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी होने की उम्मीद है, जिसमें आवेदन प्रक्रिया, परीक्षा का पाठ्यक्रम और अन्य जरूरी दिशानिर्देश शामिल होंगे।
मेरिट सिस्टम खत्म, लिखित परीक्षा से होगा चयन
अब तक प्राथमिक शिक्षक भर्ती में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीएड या डीएलएड और टीईटी जैसे शैक्षिक अंकों के आधार पर मेरिट सूची तैयार की जाती थी। इसी मेरिट के अनुसार अभ्यर्थियों का चयन होता था। नई व्यवस्था लागू होने के बाद यह प्रक्रिया समाप्त कर दी गई है। अब सभी पात्र उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा देनी होगी और उसी में मिले अंकों के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा।
ऐसा होगा नई परीक्षा का पैटर्न
नई भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 120 प्रश्नों की लिखित परीक्षा आयोजित होगी।
कुल प्रश्न: 120
कुल अंक: 360
प्रत्येक प्रश्न: 3 अंक
90 प्रश्न शिक्षण कौशल से
30 प्रश्न सामान्य ज्ञान और सामान्य अध्ययन से
नेगेटिव मार्किंग: गलत उत्तर देने पर 1 अंक की नेगेटिव मार्किंग का प्रावधान रखा गया है।
भर्ती में अंतिम चयन केवल लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।
जल्द जारी होगा भर्ती का नोटिफिकेशन
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग जल्द ही भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर सकता है। इसमें आवेदन की तिथि, पात्रता, परीक्षा का सिलेबस और अन्य जरूरी जानकारी दी जाएगी। भर्ती की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को सलाह है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें, ताकि किसी भी अपडेट से न चूकें।
जीआईसी प्रवक्ता मुख्य परीक्षा के आवेदन भी शुरू
इसी बीच उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जीआईसी प्रवक्ता मुख्य परीक्षा 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल उम्मीदवार 12 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्रों का सत्यापन पूरा होने के बाद ही अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा में शामिल होने की अनुमति मिलेगी।
प्रदेश में हजारों शिक्षक पद अभी भी खाली
रिपोर्ट के मुताबिक, नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में करीब 11,508 शिक्षक पद खाली हैं। वहीं वर्ष 2018 के बाद लंबे समय से नई भर्ती नहीं होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में पद रिक्त बताए जा रहे हैं। ऐसे में नई भर्ती प्रक्रिया का लाखों अभ्यर्थी लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। अब लिखित परीक्षा आधारित चयन प्रणाली लागू होने से भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।


