TrendingUttar Pradesh

UP Teacher Vacancy : यूपी के स्कूलों में 60,958 शिक्षक पद खाली, विधानसभा में सरकार ने दिए आंकड़े, बताया कब होगी नई भर्ती!

UP Teacher Vacancy : यूपी के स्कूलों में 60,958 शिक्षक पद खाली, विधानसभा में सरकार ने दिए आंकड़े, बताया कब होगी नई भर्ती!

लखनऊ, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में सरकारी प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के 60,958 पद रिक्त हैं। इसका खुलासा विधानसभा में सपा विधायक अनिल प्रधान द्वारा पूछे गए एक अतारांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में हुआ है।

बेसिक शिक्षा विभाग के मंत्री संदीप सिंह की ओर से दिए गए जवाब के मुताबिक प्रदेश के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सहायक अध्यापकों के पद खाली हैं, जिन पर भर्ती की प्रक्रिया उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से कराई जाएगी।

2017 से अब तक 1.26 लाख प्रशिक्षुओं को मिली नियुक्ति

सरकार की ओर से विधानसभा में दिए गए लिखित उत्तर के अनुसार वर्ष 2017 से 9 मार्च 2026 तक प्रदेश में 5,35,389 प्रशिक्षुओं को डीएलएड का प्रशिक्षण दिया गया। इनमें से 1,26,371 प्रशिक्षुओं को शिक्षक पद पर नियुक्ति प्रदान की गई।

ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में इतने पद रिक्त

सदन में बेसिक शिक्षा विभाग के मंत्री की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार वर्तमान में ग्रामीण क्षेत्र में सहायक अध्यापकों के 48,883 पद रिक्त हैं, और नगर क्षेत्र में सहायक अध्यापकों के 12,075 पद रिक्त हैं। इस प्रकार प्रदेश में कुल 60,958 सहायक अध्यापकों के पद खाली हैं।

चयन आयोग के जरिए होगी भर्ती

बेसिक शिक्षा विभाग ने अपने जवाब में यह भी बताया कि 21 अगस्त 2023 को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग अधिनियम, 2023 के तहत आयोग का गठन किया गया है। परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापकों की सीधी भर्ती अब इसी आयोग के माध्यम से होगी। सरकार ने यह भी बताया कि नगर क्षेत्र के 11,508 सहायक अध्यापक पदों पर सीधी भर्ती के लिए शिक्षा निदेशक कार्यालय ने 17 मई 2026 को अधियाचन उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज को भेज दिया है।

भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों की बढ़ी उम्मीद

विधानसभा में सरकार की ओर से दी गई जानकारी के बाद लंबे समय से नई शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। हालांकि भर्ती प्रक्रिया शुरू होने की तिथि और विज्ञापन जारी होने को लेकर सरकार ने फिलहाल कोई निश्चित समयसीमा नहीं बताई है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply