India

UP Weather Update: यूपी के 39 शहरों में बारिश, कई नदियां उफान पर, घर में घुसा मगरमच्छ, 25 जिलों में आज भी अलर्ट

UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। शनिवार को कानपुर, प्रयागराज, मेरठ समेत 39 शहरों में बारिश दर्ज की गई।

UP Weather Update: यूपी के 39 शहरों में बारिश, कई नदियां उफान पर, घर में घुसा मगरमच्छ, 25 जिलों में आज भी अलर्ट

कई इलाकों में तेज हवा और बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बनी, जबकि लखनऊ, वाराणसी और अयोध्या समेत कई शहरों में दिनभर बादलों का डेरा रहा।

भारतीय मौसम विभाग ने रविवार को 25 जिलों में बारिश, तेज हवाओं और आकाशीय बिजली की संभावना जताई है।

मेरठ मेडिकल कॉलेज में जलभराव

मेरठ में हुई बारिश के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में पानी भर गया। मरीजों और उनके परिजनों को जलभराव के बीच अस्पताल आनाजाना पड़ा। प्रयागराज में दोपहर के समय तेज हवा के साथ हुई बारिश से कई सड़कें पानी में डूब गईं।

संगम क्षेत्र में तेज बहाव के कारण नावों का संचालन भी प्रभावित हुआ। कानपुर में शाम को हुई तेज बारिश से कई प्रमुख मार्गों पर यातायात धीमा पड़ गया।

नदियों का बढ़ा जलस्तर

पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर उत्तर प्रदेश की नदियों पर भी दिखाई दे रहा है। गंगा, यमुना, घाघरा, शारदा, गंडक और हिंडन समेत कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है।

घाघरा और शारदा सहित चार नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बनबसा, गिरिजा और घाघरा बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद सीतापुर, लखीमपुर और पीलीभीत के कई इलाकों में पानी फैलने लगा है।

लखीमपुर में घर में घुसा मगरमच्छ

बाढ़ के पानी के साथ वन्यजीव भी रिहायशी क्षेत्रों तक पहुंच रहे हैं। लखीमपुर खीरी में एक मगरमच्छ घर के अंदर पहुंच गया, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। प्रशासन ने लोगों से नदी और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

कनहर बांध के तीन गेट खोले गए

सोनभद्र में कनहर बांध का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने उसके तीन गेट खोल दिए हैं। वहीं बस्ती और अयोध्या में सरयू नदी के किनारे कटाव तेज हो गया है। कई स्थानों पर पेड़ नदी में समा गए हैं और निचले इलाकों में पानी भरने की शिकायतें सामने आई हैं।

सीएम योगी ने दिए निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि बारिश, बाढ़ और आकाशीय बिजली से प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत पहुंचाई जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे।

27 जुलाई से फिर बढ़ सकती है बारिश

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, अगले एकदो दिन बारिश की गतिविधियों में कुछ कमी आ सकती है। हालांकि 27 और 28 जुलाई से मानसून दोबारा सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के कई हिस्सों में फिर अच्छी बारिश हो सकती है।

 

 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply