TrendingUttar Pradesh

UPSSSC Exam Calendar 2026: यूपीएसएसएससी ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर, अगस्त से शुरू होंगी भर्तियों की मुख्य परीक्षाएं

UPSSSC Exam Calendar 2026: यूपीएसएसएससी ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर, अगस्त से शुरू होंगी भर्तियों की मुख्य परीक्षाएं

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाली विभिन्न मुख्य परीक्षाओं, टंकण परीक्षाओं और साक्षात्कार का परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया है। आयोग के इस कदम से सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को अपनी रणनीति बनाने में मदद मिलेगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों में परीक्षा और साक्षात्कार की तिथियों में बदलाव किया जा सकता है।

जारी कैलेंडर के अनुसार, सबसे पहले 9 अगस्त को प्राविधिक सहायक ग्रुपसी मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 23 अगस्त को सम्मिलित अवर अधीनस्थ सेवा मुख्य परीक्षा होगी। अगस्त में ही अनुदेशक फिटर, ड्राफ्ट्समैन और इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी एंड इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम मेंटिनेंस पदों के साक्षात्कार प्रस्तावित हैं।

1 सितंबर को आशुलिपिक भर्ती की हिंदी आशुलेखन एवं टंकण परीक्षा होगी। 20 सितंबर को आबकारी सिपाही मुख्य परीक्षा और भेषजिक मुख्य परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं, 27 सितंबर को वन रक्षक एवं वन्य जीव रक्षक मुख्य परीक्षा तथा विधि विज्ञान प्रयोगशाला मुख्य परीक्षा प्रस्तावित है। सितंबर में अनुदेशक मैकेनिक और टर्नर पदों के साक्षात्कार भी होंगे।

आयोग ने प्रारंभिक अर्हता परीक्षा अक्टूबर में कराने का कार्यक्रम तय किया है। नवंबर में प्लाटून कमांडर/ब्लॉक ऑर्गेनाइजर, हवलदार प्रशिक्षक, गन्ना पर्यवेक्षक और मोहर्रिर पदों की मुख्य परीक्षाएं होंगी।

दिसंबर में लेखा परीक्षक एवं सहायक लेखाकार, विधान भवन रक्षक और अग्निरक्षक पदों की मुख्य परीक्षाओं के साथ कनिष्ठ सहायक की टंकण परीक्षा प्रस्तावित है।

आयोग ने अभ्यर्थियों से निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तैयारी करने और परीक्षा संबंधी नवीनतम सूचनाओं के लिए समयसमय पर जारी होने वाली आधिकारिक सूचनाओं पर नजर रखने की अपील की है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply