
नालंदा। बिहार के नालंदा जिले में एक हत्या की जांच करते हुए पुलिस के सामने रिश्तों को उलझा देने वाला मामला सामने आया है। हरनौत थाना क्षेत्र के मूढ़ाढ़ी गांव में पैथोलॉजी कर्मी सोनू कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके कथित हत्यारे को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि हत्या का आरोपी कोई बाहरी नहीं, बल्कि मृतक का रिश्तेदार दामाद था। पुलिस के अनुसार, दोस्तों के तानों और सामाजिक दबाव से परेशान होकर आरोपी ने यह कदम उठाया।
चाकू से हमला कर की गई थी हत्या
37 वर्षीय सोनू कुमार चेरण गांव का रहने वाला था और हरनौत बाजार स्थित एक पैथोलॉजी सेंटर में काम करता था। कुछ दिन पहले उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने रजौली-बख्तियारपुर NH-20 को जाम कर प्रदर्शन किया था, जिसके बाद पुलिस पर जल्द खुलासे का दबाव बढ़ गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की मोबाइल कॉल डिटेल खंगाली। इसी आधार पर पुलिस हरनौत बाजार निवासी मुकेश कुमार तक पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
सास के साथ संबंधों के शक ने बढ़ाई दुश्मनी
पुलिस पूछताछ में मुकेश ने बताया कि उसकी शादी करीब ढाई साल पहले हुई थी। उसके ससुर की मौत करीब 10 साल पहले हो चुकी थी। शादी के बाद जब वह पहली बार ससुराल गया तो वहां सोनू कुमार से मुलाकात हुई। परिवार ने उसे पड़ोसी और करीबी व्यक्ति बताया था।
मुकेश के मुताबिक, सोनू अक्सर ससुराल में मौजूद रहता था और परिवार के सदस्य की तरह व्यवहार करता था। शुरुआत में उसने इसे सामान्य माना, लेकिन बाद में उसकी मौजूदगी और व्यवहार को लेकर उसे शक होने लगा।
दोस्तों के तानों से परेशान होकर बनाया प्लान
मुकेश ने पुलिस को बताया कि उसके दोस्तों ने उसे सोनू और उसकी सास के बीच कथित संबंधों के बारे में बताया। इसके बाद दोस्त उसे लेकर ताने मारने लगे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा।
उसने सास, पत्नी और सालों के सामने इस रिश्ते का विरोध किया और सोनू से दूरी बनाने की बात कही। इसी बात को लेकर विवाद भी हुआ और दोनों पक्षों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
बहाने से बुलाकर किया हमला
पुलिस के अनुसार, मुकेश ने सोनू को फोन कर शिवाजी मोहल्ला बुलाया। वहां पहले से मौजूद होकर उसने सोनू पर चाकू से हमला कर दिया। आरोप है कि उसने सिर, गर्दन और पीठ पर कई वार किए। इसके बाद लोहे की रॉड से भी हमला किया गया।
गंभीर रूप से घायल सोनू को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान पीएमसीएच में उसकी मौत हो गई।
कॉल डिटेल से खुला हत्या का राज
एसडीपीओ-2 संजय कुमार जायसवाल ने बताया कि मोबाइल कॉल डिटेल की जांच के बाद आरोपी की पहचान हुई। पूछताछ में मुकेश ने प्रतिशोध की भावना से हत्या करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई ग्लैमर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि सोनू अविवाहित था और ससुर की मौत के बाद वह परिवार के काफी करीब हो गया था। बताया जा रहा है कि वह परिवार की आर्थिक मदद भी करता था। इसी वजह से कई लोग उसका विरोध नहीं कर पाते थे। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



