Punjab

‘अपना स्कैनर दो, पैसे भेजेंगे…’ पुलिस से नहीं, यहां के किसान चोरों से लगा रहे गुहार; जानिए पूरा मामला

पंजाब के फरीदकोट जिले में खेतों से सिंचाई मोटरों की लगातार हो रही चोरी से परेशान किसानों ने चोरों के खिलाफ एक अनोखा और भावुक तरीका अपनाया है. पुलिस और प्रशासन से शिकायत करने के साथसाथ अब किसानों ने सीधे चोरों से अपील की है कि वह उनकी मोटरें चोरी करने के बजाय किसी सार्वजनिक स्थान पर स्कैनर लगा दें, ताकि किसान मिलकर उन्हें पैसे दे सकें और उनकी मेहनत की कमाई बर्बाद न हो. किसानों की यह अपील सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.

‘अपना स्कैनर दो, पैसे भेजेंगे…’ पुलिस से नहीं, यहां के किसान चोरों से लगा रहे गुहार; जानिए पूरा मामला
‘अपना स्कैनर दो, पैसे भेजेंगे…’ पुलिस से नहीं, यहां के किसान चोरों से लगा रहे गुहार; जानिए पूरा मामला

जिले के विभिन्न गांवों में पिछले कुछ दिनों में करीब 25 सिंचाई मोटरें चोरी हो चुकी हैं. इससे पहले भी करीब 15 मोटरें चोरी होने की घटनाएं सामने आई थीं. लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से किसान आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हैं. इसी दर्द को बयां करते हुए किसानों ने एक पोस्टर तैयार किया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

500 में बेच देते हैं 50 हजार रुपये की मोटर

किसानों का कहना है कि एक सिंचाई मोटर की कीमत 40 से 50 हजार रुपये तक होती है. इसे खरीदने के लिए किसान कर्ज लेते हैं या लंबे समय तक पैसे जोड़ते हैं, लेकिन चोर इन मोटरों को चोरी कर कबाड़ में महज 500 से 1000 रुपये में बेच देते हैं. इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है.

चोर लगा दे अपना स्कैनर, हम देंगे पैसा

वायरल पोस्टर में किसानों ने लिखा है कि यदि चोरों को पैसों की जरूरत है तो वह चोरी करने के बजाय किसी सार्वजनिक स्थान पर स्कैनर लगा दें. किसान आपस में पैसा इकठ्ठा कर देने को तैयार हैं, लेकिन खेत में लगी मोटर न चुराएं.

किसानों ने प्रशासन और सरकार से भी इस मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि क्षेत्र में संचालित कबाड़खानों पर विशेष निगरानी रखी जाए और यदि कोई व्यक्ति सिंचाई मोटर या उसके पार्ट्स बेचने पहुंचे तो इसकी तत्काल सूचना पुलिस को दी जाए.

किसानों का कहना है कि खेती पहले से ही घाटे का सौदा बनती जा रही है. ऐसे में लगातार हो रही चोरियों से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं. ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि पुलिस जल्द ही इस गिरोह का पर्दाफाश करेगी और किसानों को राहत मिलेगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply