Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मलिहाबाद इलाके से फिल्म ‘हम दिल दे चुके सनम’ जैसी एक अनोखी और दिल छू लेने वाली घटना सामने आई है. यहां एक पीआरडी जवान ने अपनी पत्नी की इच्छा और खुशी का सम्मान करते हुए कोई विवाद खड़ा करने के बजाय खुद उसकी शादी उसके प्रेमी से करवा दी. स्थानीय मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और सात फेरों के साथ हुई इस अनोखी शादी की पूरे इलाके में जमकर चर्चा हो रही है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मलिहाबाद निवासी PRD जवान की शादी करीब एक साल पहले हुई थी. शादी के शुरुआती महीनों में सब कुछ सामान्य और ठीकठाक चल रहा था. हालांकि, कुछ दिन पहले उसकी पत्नी अचानक बिना किसी को कुछ बताए घर से संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई. परिजनों ने अपने स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पति ने मलिहाबाद थाने में पत्नी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
पुलिस ने प्रेमी संग ढूंढा, थाने में घंटों चला ड्रामा
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बुधवार को महिला को उसके प्रेमी के साथ ढूंढ निकाला और दोनों को थाने ले आई. सूचना मिलते ही महिला के मायके और ससुराल, दोनों पक्षों के लोग थाने पहुंच गए. थाने में परिजनों ने महिला को काफी समझायाबुझाया और घर वापस लौटने की मिन्नतें कीं, लेकिन महिला अपने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद पर अड़ी रही. उसने स्पष्ट कह दिया कि वह अपने पति के साथ नहीं, बल्कि अपने प्रेमी के साथ ही अपनी जिंदगी बिताना चाहती है.
पति ने दिखाई दरियादिली, कहा “नहीं करूंगा जबरदस्ती”
पत्नी की साफ मंशा देखकर PRD जवान पति ने भी बड़ा दिल दिखाया. उसने कहा कि जब उसकी पत्नी उसके साथ खुश ही नहीं है, तो वह जबरदस्ती रिश्ते को खींचना नहीं चाहता. पति ने पत्नी की इच्छा का सम्मान करते हुए आपसी सहमति से अलग होने का फैसला लिया. इसके बाद पुलिस और दोनों परिवारों की मौजूदगी में आवश्यक कानूनी और कागजी प्रक्रियाएं पूरी की गईं.
मंदिर में हुए सात फेरे, प्रेमी संग हुई विदाई
कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मलिहाबाद के एक स्थानीय मंदिर में महिला और उसके प्रेमी का विवाह संपन्न कराया गया. सात फेरे और रस्मों के बाद पीआरडी जवान ने खुद अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ विदा किया. पति के इस त्याग और बड़े दिल की हर तरफ सराहना हो रही है.



