BiharIndiaTrending

जब नीतीश ने विदाई भाषण के बाद सभी मंत्रियों से पूछा- “मेरा फैसला सही है ना?”

नीतीश कुमार ने 20 वर्षों में बिहार की गद्दी पर कब्जा छोड़ते हुए आज कैबिनेट की अंतिम बैठक की अध्यक्षता की और इस्तीफा दिया. कैबिनेट बैठक में मंत्री भावुक हुए, नीतीश ने विदाई भाषण में सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और सभी से अपने फैसले की मंजूरी ली.
जब नीतीश ने विदाई भाषण के बाद सभी मंत्रियों से पूछा- “मेरा फैसला सही है ना?”
  • बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अपनी अंतिम कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की
  • CM पद से इस्तीफा देते समय नीतीश ने भावुक होकर 6 मिनट का विदाई भाषण दिया और सहयोग के लिए सभी का धन्यवाद किया
  • कैबिनेट बैठक में कई मंत्री अशोक चौधरी और लेसी सिंह सहित भावुक होकर फफक-फफक कर रोए
नई दिल्‍ली:

चंद महीनों को छोड़कर पिछले 20 सालों से बिहार की गद्दी पर काबिज़ नीतीश कुमार ने आज अपने कैबिनेट की अंतिम बैठक की अध्यक्षता की. आज वो अपने पद से इस्तीफ़ा दे देंगे, जिसके बाद बीजेपी के नेतृत्व में बिहार में पहली सरकार बुधवार को अस्तित्व में आ जाएगी. मुख्‍यमंत्री पद छोड़ते हुए नीतीश कुमार भावुक नजर आए.

बिहार कैबिनेट में मंगलवार की बैठक में नजारा बेहद गमगीन था. बैठक में नीतीश कुमार ने अपना विदाई भाषण दिया जो क़रीब 6 मिनट का था. अपने भाषण में नीतीश ने सहयोग के लिए सबका धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने अपनी शक्ति और क्षमता के अनुरूप काम करने की कोशिश की. नीतीश कुमार के बाद उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय चौधरी ने कैबिनेट की ओर से मुख्यमंत्री का धन्यवाद किया.

फफक-फफक कर रो पड़े कुछ मंत्री

सूत्रों ने बताया कि पूरी बैठक के दौरान सभी मंत्री बेहद भावुक दिखे. अशोक चौधरी और लेसी सिंह सरीखे मंत्री तो फफक-फफक कर रो रहे थे. जैसे ही कैबिनेट की बैठक ख़त्म हुई नीतीश कुमार सभी मंत्री से एक-एक कर बात करने लगे. सूत्रों के मुताबिक़, सभी मंत्रियों से नीतीश कुमार एक ही सवाल पूछ रहे थे. सवाल ये था कि उनका फैसला सबको मंज़ूर है कि नहीं? भरे मन से ही सही, सभी मंत्रियों ने हामी भरी. हालांकि, कुछ मंत्रियों ने जवाब दिया कि उनका फैसला सही नहीं था. उन्होंने कहा कि उन्हें नीतीश कुमार की कमी बेहद खलेगी.

 

बुधवार, 11 बजे.. बिहार के नए मुख्‍यमंत्री लेंगे शपथ

आज नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी. माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री भले ही बीजेपी का होगा, लेकिन नीतीश कुमार ही अगले मुख्यमंत्री के नाम का प्रस्ताव रखेंगे, जिसपर सर्वसम्मति से फ़ैसला हो जाएगा. आज ही नए नेता राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे और कल सुबह 11 बजे नई सरकार का शपथ ग्रहण होगा. इसमें पीएम मोदी और बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के सभी बड़े नेता मौजूद रहेंगे. संभावना है कि कल केवल मुख्यमंत्री और दो उपमुख्यमंत्री को शपथ दिलवाई जाएगी. बाकी मंत्रियों की नियुक्ति थोड़े दिनों बाद की जाएगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply