
एक रिश्ते ने घर में दरार पैदा की, पत्नी मायके चली गई और पति का दूसरी महिला से संपर्क बढ़ता गया। कुछ समय बाद यही संबंध युवक की मौत की वजह बन गया।
औराई थाना क्षेत्र के जनार पंचायत के बेदौल असली गांव निवासी 45 वर्षीय अशोक राय की हत्या के मामले में उसकी पत्नी ने प्रेम संबंध को वजह बताते हुए प्राथमिकी कराई है।
पत्नी का आरोप है कि प्रेमिका और उसके स्वजन पहले से अशोक को धमकी दे रहे थे। 25 अगस्त को महिला के बुलावे पर घर से निकले अशोक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और शव को रेलवे हाल्ट के पास फेंक दिया गया।
पति की बातचीत की जानकारी मिली तो चली गई मायके
मृतक की पत्नी नूतन देवी ने प्राथमिकी में बताया है कि अशोक की लोहरखा की रहने वाली एक महिला से बातचीत होती थी। जब उसे पति के इस संबंध की जानकारी मिली तो वह करीब एक वर्ष पहले अपने मायके चली गई। पत्नी के मायके चले जाने के बाद अशोक का महिला से संपर्क बना रहा। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद भी होने लगा।
पहले मिली धमकी, फिर बुलाकर हत्या का आरोप
नूतन देवी ने आरोप लगाया है कि महिला के भाई राजा माझी ने अशोक को धमकी दी थी। उसे कहा गया था कि यदि उसने बातचीत बंद नहीं की तो उसकी हत्या कर दी जाएगी।
प्राथमिकी के अनुसार, 25 अगस्त को महिला ने अशोक को बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद राजा माझी, दिनेश मांझी और सहयोगी अभिजीत मंडल व अभिषेक मंडल ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी।
रेलवे हाल्ट के पास मिला शव
हत्या के बाद अशोक का शव बेनीपुर रेलवे हाल्ट के निकट फेंकने का आरोप है। शव मिलने की सूचना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मृतक के घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर शव मिलने की बात सामने आई है, जबकि आरोपितों के घर से घटनास्थल की दूरी करीब 700 मीटर बताई गई है। दोनों पक्षों के घर भी एक-दूसरे के नजदीक बताए जा रहे हैं।
रात नौ बजे तक हुई थी स्वजन से बात
बताया गया कि अशोक 25 अगस्त की शाम करीब सात से आठ बजे के बीच घर से निकला था। रात करीब नौ बजे तक स्वजन से उसकी बातचीत हुई। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिवार के लोग संपर्क करने का प्रयास करते रहे, मगर कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में उसकी मौत की खबर ने स्वजन को झकझोर दिया।
सामान सुरक्षित मिला, बढ़ा संदेह
घटनास्थल से अशोक का बंद मोबाइल, चाबी लगी बाइक, पहचान पत्र, आधार कार्ड और करीब 500 से 700 रुपये नकद सुरक्षित मिले। सामान के इस तरह सुरक्षित मिलने से मामले को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
लोहरखा टोला पहले से विवादित
जनार गांव का लोहरखा टोला लंबे समय से विवादित बताया जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां देसी शराब के कारोबार और अनैतिक गतिविधियों को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। इसी इलाके में युवक का महिला से संपर्क होने की बात प्राथमिकी में कही गई है।
आरोपित फरार, पुलिस कर रही छापेमारी
थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि मामले में महिला समेत चार लोगों को नामजद किया गया है। आरोपितों के घर पर ताला लटका हुआ है और सभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस हत्या के कारणों और घटना में शामिल अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



