
दिल को सेहतमंद रखने के लिए किचन में मौजूद छोटी-छोटी चीजें बेहद असरदार साबित हो सकती है। इन्हीं में से एक है टमाटर जो दिल को हेल्दी रखने में काफी अहम किरदार निभाता है। टमाटर में मौजूद ‘लाइकोपीन’ नाम का एंटीऑक्सीडेंट दिल को सेहतमंद रखने में बेहद असरदार साबित होता है। एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ बिमल झाजर के मुताबिक टमाटर रोजाना की डाइट में शामिल की जाने वाली ऐसी सब्जी है, जिसमें फाइबर, विटामिन, मिनरल और कई तरह के प्लांट कंपाउंड पाए जाते हैं।
डॉक्टर के मुताबिक टमाटर में मौजूद लाइकोपीन एक प्रमुख कैरोटीनॉयड और एंटीऑक्सीडेंट है जो दिल को हेल्दी रखने में बेहद उपयोगी हो सकता है। अब सवाल ये उठता है कि टमाटर में ऐसा क्या है जो हमारे बॉडी के इस अहम अंग को हेल्दी रखने में मदद करता है? टमाटर कैसे खाएं कि बॉडी को इसका पूरा फायदा मिले और दिल भी हेल्दी रहे। कार्डियोलॉजिस्ट्स से जानते हैं कि दिल की देखभाल के लिए टमाटर खाने का सही तरीका क्या है।
लाइकोपीन क्या है और हार्ट के लिए ये क्यों है जरूरी?
लाइकोपीन टमाटर में पाया जाने वाला एक कैरोटीनॉयड है, जिसकी वजह से टमाटर का लाल रंग दिखाई देता है। यह एक एंटीऑक्सीडेंट कंपाउंड है। शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाव के लिए एंटीऑक्सीडेंट युक्त खाद्य पदार्थों को संतुलित डाइट का हिस्सा माना जाता है। टमाटर एक ऐसी सब्जी है जिसमें कैलोरी न के बराबर होती है। लगभग 100 ग्राम कच्चे लाल टमाटर में करीब 18 कैलोरी होती हैं जो इसे दिल के लिए उपयोगी बनती है। टमाटर का सेवन वजन को कंट्रोल करने में भी मददगार साबित होता है। इसमें पानी की मात्रा भी काफी अधिक होती है। इसके अलावा टमाटर में फाइबर, विटामिन C और पोटैशियम भी मौजूद होते हैं जो बीपी के मरीजों के लिए भी इसे हेल्दी बनाता है। टमाटर में मौजूद डाइटरी फाइबर और दूसरे प्लांट कंपाउंड संतुलित डाइट का हिस्सा होने के कारण हार्ट हेल्थ के लिए उपयोगी हो सकते हैं।
पोटैशियम और ब्लड प्रेशर का क्या कनेक्शन?
टमाटर में पोटैशियम भी पाया जाता है। डाइट में पर्याप्त पोटैशियम लेना ब्लड प्रेशर को मैनेज करने में मदद कर सकता है, खासकर जब इसे कम सोडियम वाली बैलेंस डाइट के साथ लिया जाए। हालांकि, हाई ब्लड प्रेशर वाले लोगों को डॉक्टर की सलाह से अपनी पूरी डाइट और दवाओं का ध्यान रखना चाहिए।
हार्ट को हेल्दी रखने के लिए टमाटर कैसे खाएं?
दिल को हेल्दी रखने के लिए आप टमाटर का सेवन कच्चा और पका कर दोनों तरह कर सकते हैं। पकाने से टमाटर में मौजूद लाइकोपीन की उपलब्धता बढ़ सकती है, जबकि कच्चे टमाटर से विटामिन C जैसे कुछ पोषक तत्व अच्छी मात्रा में मिलते हैं। विटामिन सी बॉडी के लिए बहुत जरूरी है। डाइट में टमाटर का सेवन कच्चा और पका कर दोनों तरह से करने से सेहत को फायदा होता है।कच्चे टमाटर को सलाद, सैंडविच या रैप में शामिल किया जा सकता है। अगर टमाटर को पका कर खाना चाहते हैं तो आप इसे सूप, सब्जी या करी में इस्तेमाल कर सकते हैं।
टमाटर ओवर ऑल सेहत पर कैसे करता है असर?
टमाटर एक ऐसी सब्जी है जो ना सिर्फ दिल के लिए हेल्दी है बल्कि हमारी ओवर ऑल बॉडी के लिए फायदेमंद है। टमाटर में लाइकोपीन और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व होते हैं, जो दिल के लिए जरूरी हैं। टमाटर का सेवन स्किन को हेल्दी रखने में भी मददगार साबित होता है। इसमें मौजूद विटामिन C और लाइकोपीन स्किन को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद कर सकता हैं। पानी और फाइबर से भरपूर टमाटर का सेवन पाचन को दुरुस्त करता है। इसका सेवन करने से कब्ज जैसी समस्या का इलाज होता है। टमाटर आंखों की सेहत के लिए भी उपयोगी है। इसमें ल्यूटिन और बीटा-कैरोटीन जैसे कैरोटीनॉयड पाए जाते हैं, जो आंखों के हेल्दी रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसमें मौजूद विटामिन C इम्यूनिटी को मजबूत करता है और बॉडी को हेल्दी रखता है।
एक दिन में कितना टमाटर खाना सही है?
टमाटार दिल के लिए और बॉडी के लिए फायदेमंद है इसका मतलब ये नहीं है कि आप इसे भर-भर कर खाएं आप टमाटर का सीमित सेवन करें आपको फायदा होगा। इसे अपनी कुल डाइट, उम्र, हेल्थ और अपनी हेल्थ कंडीशन को ध्यान में रखते हुए ही खाएं। सामान्य तौर पर टमाटर को सब्जियों और अन्य पौधों से मिलने वाले खाद्य पदार्थों के साथ संतुलित डाइट में शामिल किया जा सकता है।
डिस्क्लेमर: टमाटर संतुलित डाइट का हिस्सा हो सकता है, लेकिन यह किसी हृदय रोग या हाई बीपी का इलाज नहीं है। किसी खास स्वास्थ्य स्थिति में डॉक्टर की सलाह लें।



