
पटना, बिहार: राजधानी पटना के राजा बाजार इलाके में बदमाशों ने एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना पिलर नंबर 17 के पास की है, जहां महिला को बीच सड़क पर निशाना बनाया गया। गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, महिला राजा बाजार स्थित एक क्लीनिक में काम करती थीं। काम खत्म करने के बाद वह घर लौट रही थीं, तभी कुछ बदमाशों ने उन्हें घेरकर गोली मार दी। अचानक हुई इस वारदात से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मृतका विक्रम की रहने वाली बताई जा रही हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। देर रात फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हुई है और सभी संभावित पहलुओं पर जांच जारी है।
राजधानी के व्यस्त इलाके में हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में दहशत है। पुलिस अब हमलावरों तक पहुंचने और हत्या की वजह का पता लगाने में जुटी है।
सत्यम रिपोर्ट: घटना से जुड़े कारणों और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस की जांच जारी है।



