भारत दुनिया के उन देशों में शामिल है, जहां निजी स्तर पर सबसे ज्यादा सोना रखा जाता है. हाल ही में World Gold Council की एक रिपोर्ट ने सभी को चौंका दिया.

भारत के किस राज्य की महिलाओं के पास खजाने के बराबर सोना?
भारत के तमिलनाडु राज्य की महिलाओं के पास इतनी बड़ी मात्रा में सोना है, जो कई विकसित देशों के गोल्ड रिजर्व के बराबर है. रिपोर्ट के मुताबिक, तमिलनाडु के घरों में करीब 6,720 टन सोना मौजूद है. यह आंकड़ा बेहद चौंकाने वाला है क्योंकि United States के पास करीब 8,000 टन सोना है, लेकिन वह सरकार के पास सुरक्षित है. वहीं तमिलनाडु में यह सोना आम लोगों, खासकर महिलाओं के पास रखा हुआ है.
भारतीय महिलाओं के पास कितना सोना?
पूरे भारत की बात करें तो महिलाओं के पास कुल मिलाकर लगभग 24,000 टन सोना है. यह दुनिया के कुल सोने का लगभग 11 प्रतिशत माना जाता है. इसमें सबसे बड़ा योगदान दक्षिण भारत की महिलाओं का है, जिनके पास कुल सोने का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा है और इस हिस्से में भी तमिलनाडु सबसे आगे है, जिसका योगदान लगभग 28 प्रतिशत है.
तमिलनाडु में सोने से जुड़ी परंपरा
तमिलनाडु में सोना सिर्फ निवेश नहीं, बल्कि परंपरा का हिस्सा है. यहां बेटी के जन्म से ही उसके लिए सोना जमा करना शुरू कर दिया जाता है. शादी के समय दुल्हन को भारी मात्रा में सोने के गहने पहनाना परंपरा का हिस्सा माना जाता है. त्योहारों जैसे दीपावली और पोंगल पर सोना खरीदना शुभ माना जाता है. इस वजह से यहां सोने की मांग हमेशा बनी रहती है. तमिलनाडु के लोग सोने को इमरजेंसी फंड की तरह देखते हैं. जरूरत पड़ने पर इसे गिरवी रखकर पैसे लिए जा सकते हैं या बेचकर शिक्षा, इलाज और अन्य खर्च पूरे किए जा सकते हैं. यही कारण है कि लोग बैंक या शेयर बाजार से ज्यादा भरोसा सोने पर करते हैं.
तमिलनाडु के मंदिरों में भी सोने की भरमार
तमिलनाडु के प्रसिद्ध मंदिर जैसे Meenakshi Amman Temple और Palani Murugan Temple भी सोने के बड़े भंडार के लिए जाने जाते हैं. यहां लोग सोना दान करते हैं, जिससे मंदिरों के पास भी भारी मात्रा में सोना जमा हो चुका है.



