TrendingUttar Pradesh

World Photography Day: दौड़ती मेट्रो बनेगी फोटो स्टूडियो, 40 फोटोग्राफर मेट्रो की रफ्तार में तलाशेंगे खास फ्रेम

लखनऊ, अमृत विचार। विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर लखनऊ में इस बार कैमरे किसी स्टूडियो या पारंपरिक प्रदर्शनी स्थल पर नहीं, बल्कि दौड़ती मेट्रो के भीतर शहर के बदलते दृश्यों को कैद करेंगे। 19 अगस्त को लखनऊ मेट्रो में विशेष फोटो वॉक और फोटोग्राफी कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर दो दिवसीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी भी लगेगी। आयोजन में करीब 40 फोटोग्राफर हिस्सा लेंगे। इस अनूठे आयोजन का क्यूरेशन प्रदेश के चित्रकार और कला समीक्षक भूपेंद्र कुमार अस्थाना कर रहे हैं। आयोजन का उद्देश्य फोटोग्राफी को केवल तस्वीर खींचने की कला के बजाय शहर की गति, संवेदना, रोशनी, वास्तुकला और रोजमर्रा की जिंदगी को देखने की एक अलग दृष्टि से जोड़ना है।

चलती मेट्रो में खोजे जाएंगे खास फोटोग्राफिक फ्रेम

फोटो वॉक के दौरान प्रतिभागी किसी एक जगह स्थिर होकर तस्वीरें नहीं खींचेंगे, बल्कि शहर के साथ चलते हुए उसके बदलते रंगों और दृश्यों को कैमरे में कैद करेंगे। मेट्रो की गति भी इस रचनात्मक अनुभव का हिस्सा होगी। यात्रियों की सहज गतिविधियां, बदलती शहरी रेखाएं, वास्तुकला की ज्यामिति, रोशनी और छाया का खेल तथा भागती मेट्रो के बीच ठहरते हुए पल फोटोग्राफरों के लिए प्रमुख विषय होंगे।

मुंशी पुलिया से एयरपोर्ट तक तलाशे गए फोटो स्पॉट

आयोजन की तैयारियों के तहत मुंशी पुलिया मेट्रो स्टेशन से चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट मेट्रो स्टेशन तक संभावित फोटोग्राफी स्पॉट का सर्वे किया गया। टीम ने स्टेशनों, प्लेटफॉर्म, कॉरिडोर, यात्रियों की गतिविधियों, वास्तुशिल्पीय संरचनाओं और यात्रा के दौरान दिखाई देने वाले शहरी दृश्यों का फोटोग्राफिक नजरिए से अवलोकन किया। सर्वे टीम में क्यूरेटर भूपेंद्र कुमार अस्थाना, युवा फोटोग्राफर एवं कार्यशाला के मेंटर कुंवर और लखनऊ मेट्रो की ओर से फोटोग्राफर सौरभ शामिल रहे।

मेट्रो की खिड़की से दिखेगा बदलता लखनऊ

मुंशी पुलिया से एयरपोर्ट तक की यात्रा के दौरान शहर की रफ्तार, लोग, इमारतें, रोशनी, प्लेटफॉर्म और मेट्रो की खिड़कियों से गुजरते दृश्य फोटो वॉक का हिस्सा बनेंगे। आयोजकों के मुताबिक, यह आयोजन केवल फोटोग्राफी की तकनीक सीखने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लखनऊ को एक नए नजरिए से देखने का अनुभव भी देगा।

हजरतगंज स्टेशन पर लगेगी दो दिवसीय प्रदर्शनी

विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर हजरतगंज मेट्रो स्टेशन पर दो दिवसीय फोटोग्राफी प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इसमें चयनित तस्वीरों के माध्यम से शहर, उसकी गति और लोगों की जिंदगी के अलगअलग पहलुओं को सामने लाया जाएगा।

कैमरे से शहर को पढ़ने की कोशिश

आयोजन के क्यूरेटर भूपेंद्र कुमार अस्थाना के अनुसार, शहर को देखने के लिए केवल कैमरा पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसके लिए संवेदनशील दृष्टि जरूरी है। इसी सोच के साथ चलती मेट्रो को एक जीवंत फोटोग्राफिक स्पेस के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। विश्व फोटोग्राफी दिवस पर यह पहल लखनऊ की फोटोग्राफी संस्कृति को नए सार्वजनिक और समकालीन संदर्भ से जोड़ने की कोशिश है।

ये भी पढ़े : 

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply