
राजकीय बालिका इंटर कालेज के क्लर्क के बेटे ने साथियों के साथ मिलकर दिल्ली पुलिस की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस समय हुई जब अभ्यर्थी नितिन अपने साथी को बाइक पर घर छोड़ने जा रहा था। बाइक पर सवार हमलावरों ने उस पर गोलियां चलाईं, जिससे नितिन के पैर में गोली लगी।
अत्यधिक खून बहने के कारण नितिन की जान नहीं बच सकी। नितिन अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसने दिल्ली पुलिस की लिखित परीक्षा पास कर ली थी, जबकि वह फिजिकल की तैयारी कर रहा था। हत्या के पीछे दो दिन पहले हुए रोडरेज का मामला सामने आ रहा है।
हस्तिनापुर के रहने वाले प्रिंस उर्फ मुकद्दम का दो दिन पहले राजकीय बालिका इंटर कालेज के क्लर्क पिंकी के बेटे मिठ्ठू से रोडरेज को लेकर विवाद हो गया था। तब दोनों पक्षों में मारपीट हो गई थी। बाद में गांव के मुख्य लोगों ने बैठकर दोनों पक्षों को समझौता करा दिया। मुकद्दम अपने साथी माखननगर निवासी नितिन नागर के साथ दिल्ली पुलिस की तैयारी कर रहा था।
शुक्रवार की शाम दोनों गंग नहर पुल के समीप दौड़ लगा रहे थे। दौड़ पूरी करने के बाद नितिन नागर अपनी बाइक से मुकद्दम को हस्तिनापुर उनके घर छोड़ने जा रहे थे। राजकीय बालिका इंटर कालेज के सामने पहुंचे तभी पीछे से आए बाइक सवार हमलावरों ने मुकद्दम पर गोली बरसा दी। गोली मुकद्दम के बजाय नितिन नागर के पैर में लग गई। घटना के बाद मुकद्दम भी नितिन को मौके पर छोड़कर चला गया।
गोली लगने के काफी देर बाद तक नितिन मौके पर ही पड़ा रहा। बाद में पुलिस और परिवार के लोग पहुंचे। तत्काल ही नितिन को उठाकर सीएचसी मवाना लेकर आए। वहां से डाक्टरों ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया। गंगानगर स्थित नोवा अस्पताल में आकर उपचार के दौरान नितिन की मौत हो गई। नितिन की मौत के बाद परिवार के लोगों ने गंगानगर स्थित अस्पताल के बाहर हंगामा कर दिया।
राज्यमंत्री दिनेश खटीक भी मौके पर पहुंच गए। करीब डेढ़ घंटे तक दिनेश खटीक अस्पताल में बैठ गए। उन्होंने एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति को मौक पर बुलाया। एसएसपी ने तत्काल ही आरोपितों की धरपकड़ का भरोसा दिया है। उसके बाद मंत्री दिनेश खटीक ने परिवार को भरोसा दिलाया। तब शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इकलौता बेटा था नितिन, छह माह पहले प्रिया से हुई थी शादी किसान सतीश नागर के इकलौते बेटे नितिन नागर दिल्ली पुलिस में लिखित परीक्षा पास कर चुका था। तीन अक्टूबर को फिजिकल होना था। उसके अभ्यास के लिए ही दौड़ लगा रहा था। नितिन रोजाना ही मुकद्दम के साथ सुबह शाम दौड़ लगाता था। परिवार के लोगों ने बताया कि अप्रैल में नितिन की शादी प्रिया से हुई थी। अभी शादी को सिर्फ छह माह ही हुए है। उसकी छोटी बहन भी पीएचडी कर रही है।
नितिन की अस्पताल में मौत के बाद परिवार पूरी तरह से टूट गया है। घटना के बाद गंगानगर स्थित अस्पताल में परिवार के सभी सदस्य पहुंच गए। एसएसपी ने भी अस्पताल में पहुंचकर परिवार को कार्रवाई का भरोसा दिलाया। रात में ही शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। एहतियात के तौर पर हस्तिनापुर में पुलिस बल लगाया गया है।
आरोपितों की पहचान कर ली गई हैनितिन नागर हत्याकांड में पुलिस की चार टीमें लगा दी है। हत्या की वजह दो दिन पुराना रोडरेज का मामला सामने आया है। आरोपितों की पहचान कर ली गई है। उनकी तलाश में पुलिस की टीमें दबिश डाल रही है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।बीबीजीटीएस मूर्ति, एसएसपी



