IndiaUttar Pradesh

​अखिलेश का आरोप- दूसरे प्रदेशों के लोगों का यूपी में वोट बनवाने की तैयारी कर रही है BJP

उत्तर प्रदेश में 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से गायब होने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावे पर सियासी घमासान तेज हो गया है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने दावा किया कि बीजेपी दूसरे राज्यों से लोगों को उत्तर प्रदेश लाकर मतदाता सूची में उनके नाम दर्ज कराने की तैयारी कर रही है.

​अखिलेश का आरोप- दूसरे प्रदेशों के लोगों का यूपी में वोट बनवाने की तैयारी कर रही है BJP

अखिलेश यादव ने कहा कि अगर वास्तव में 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब हैं, तो बीजेपी की बैठक इसी वजह से हो रही है. उनके मुताबिक, बीजेपी उन वोटों को लेकर तैयारी कर रही है, जो लोगों के दूसरे राज्यों में चले जाने या फर्जी नाम दर्ज होने जैसी वजहों से वोटर लिस्ट से हटाए गए हैं.

दूसरे राज्यों से लोगों को लाने का लगाया आरोप

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि बीजेपी अब ऐसे लोगों को उत्तर प्रदेश में मतदाता के तौर पर दर्ज कराने की योजना बना रही है, जो यहां के नहीं हैं या जिनका पंजीकरण नहीं है. अखिलेश के मुताबिक, इसके लिए मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत दूसरे राज्यों से लोगों को लाने की तैयारी की जा रही है.उन्होंने कहा कि बीजेपी की तैयारी ऐसे लोगों को यूपी की मतदाता सूची में शामिल कराने की है. अखिलेश ने इसे बीजेपी की कथित चुनावी रणनीति बताते हुए सवाल उठाए.

योगी ने किया था 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब होने का दावा

दरअसल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दावा किया था कि उत्तर प्रदेश में करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम चुनाव आयोग की वोटर लिस्ट में नहीं हैं. उन्होंने पंचायत चुनाव की मतदाता सूची और विधानसभा की मतदाता सूची के बीच अंतर का हवाला दिया था. योगी ने इस मामले को लेकर चुनाव आयोग से भी अपील करने की बात कही थी.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मुताबिक, इस आंकड़े में पंचायत मतदाता सूची में दर्ज करीब 66 लाख नाम, सरकारी योजनाओं के लगभग 55 लाख लाभार्थी और 18 से 19 साल की उम्र के करीब 4.5 लाख मतदाता शामिल हैं. उन्होंने कहा था कि पात्र मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट में शामिल किए जाने चाहिए.

वोटर लिस्ट को लेकर आमनेसामने BJP और सपा

वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR को लेकर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच पहले से ही आरोपप्रत्यारोप जारी हैं. अखिलेश यादव इससे पहले भी मुख्यमंत्री से सवाल कर चुके हैं कि उन्हें 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने का आंकड़ा कहां से मिला. उन्होंने चुनाव आयोग और राज्य सरकार के बीच आंकड़ों के साझा किए जाने को लेकर भी सवाल उठाए थे.

PDA प्रहरियों की भूमिका का किया जिक्र

अखिलेश यादव ने अपने बयान में PDA प्रहरियों की भूमिका को खास तौर पर जिक्र किया. उन्होंने कहा कि पार्टी के संगठन और कार्यकर्ता लगातार चुनाव और चुनावी तैयारियों पर काम कर रहे थे. PDA प्रहरी भी मतदाता सूची पर नजर बनाए हुए थे. अखिलेश के मुताबिक, जब भी किसी इलाके में वोट काटे जाने की कोशिश हुई, तो पार्टी के लोगों ने समय रहते इसकी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं ने अपने वोटों की रक्षा की और इसी वजह से पार्टी अपने वोट बचाने में सफल रही.

‘सैफई में भैंस चराते’ वाले बयान का भी किया जिक्र

अखिलेश यादव ने अपने बयान में बीजेपी पर सामाजिक भेदभाव का आरोप लगाते हुए ‘सैफई में भैंस चराते’ वाले बयान का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि जब कुछ और काम नहीं आया तो यही उनका मानक संवाद रह गया. अखिलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार आने के बाद से कई लोगों के साथ भेदभाव किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में भी भेदभाव हो रहा है. उनके मुताबिक, लोगों को संविधान के तहत जो अधिकार और सम्मान मिलना चाहिए था, वह नहीं मिला.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply