India

​टीबी के हर 3 मरीजों में से 1 में लक्षण गायब, बिना खांसी-बुखार के फैल रही बीमारी

किसी व्यक्ति को न खांसी आ रही हो, न बुखार हो और न ही शरीर में कोई खास कमजोरी महसूस हो, तो आमतौर पर उसे लगता है कि वह पूरी तरह स्वस्थ है. लेकिन जरूरी नहीं कि ऐसा हमेशा हो. कई बार शरीर के अंदर एक गंभीर बीमारी चुपचाप पनप रही होती है और व्यक्ति को इसकी भनक तक नहीं लगती. टीबी यानी ट्यूबरकुलोसिस भी ऐसी ही बीमारी बनकर सामने आ रही है. इससे केवल उस शख्स को नहीं, बल्कि उसके आसपास रहने वालों के लिए भी काफी खतरनाक है.

​टीबी के हर 3 मरीजों में से 1 में लक्षण गायब, बिना खांसी-बुखार के फैल रही बीमारी

आमतौर पर टीबी का नाम सुनते ही लोगों के मन में लगातार खांसी, बलगम में खून, बुखार और तेजी से वजन कम होने जैसे लक्षण आते हैं. लेकिन, अब सामने आए आंकड़े बताते हैं कि टीबी के कई मरीज ऐसे भी हैं, जिनमें बीमारी के कोई साफ लक्षण दिखाई नहीं देते. ऐसे लोग खुद को स्वस्थ समझते रहते हैं, जबकि उनके शरीर में टीबी का संक्रमण मौजूद हो सकता है. यही वजह है कि बिना लक्षण वाली टीबी को पहचानना स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बनता जा रहा है.

48.64 लाख नए मामले आए सामने

भारत जैसे बड़ी आबादी वाले देश में यह स्थिति और भी चिंता बढ़ाने वाली है. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, देश में टीबी के 48.64 लाख नए मामलों की पहचान की गई, जिनमें से 14.97 लाख मरीज ऐसे थे, जिनमें बीमारी के कोई लक्षण नहीं दिखाई दे रहे थे. यानी बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी जांच के दौरान सामने आए, जिन्हें खांसी या बुखार जैसी सामान्य शिकायत नहीं थी. इसका मतलब यह है कि केवल लक्षण देखकर टीबी का पता लगाने की पुरानी सोच अब काफी नहीं है.

  • 48.64 लाख नए मामले मिले: सरकारी अभियान के दौरान देश में टीबी के 48.64 लाख नए मरीजों की पहचान की गई.
  • 14.97 लाख मरीजों में लक्षण नहीं थे: कुल मरीजों में करीब 31 प्रतिशत ऐसे मरीज थे, जिन्हें बीमारी का पता ही नहीं था.
  • 25 करोड़ से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग: टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 25 करोड़ से ज्यादा लोगों को जांच के दायरे में लाया गया.
  • 11 करोड़ से ज्यादा चेस्ट एक्सरे: बीमारी को शुरुआती दौर में पकड़ने के लिए बड़े स्तर पर एक्सरे किए गए.
  • 3 करोड़ से ज्यादा मॉलिक्यूलर टेस्ट: बीमारी की सही पहचान के लिए आधुनिक जांच तकनीक का इस्तेमाल किया गया.

आखिर बिना लक्षण वाली टीबी क्या है?

टीबी एक संक्रामक बीमारी है, जो माइकोबैक्टीरियम ट्यूबरकुलोसिस नाम के बैक्टीरिया से होती है. यह बीमारी ज्यादातर फेफड़ों को प्रभावित करती है, लेकिन शरीर के दूसरे अंगों जैसे हड्डियों, दिमाग और किडनी में भी हो सकती है. आमतौर पर टीबी होने पर तीन सप्ताह या उससे ज्यादा समय तक खांसी, रात में पसीना आना, बुखार, भूख कम लगना और वजन घटना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं. लेकिन हर मरीज में ये लक्षण नजर आएं, यह जरूरी नहीं है.

क्या होता है एसिम्प्टोमैटिक/सबक्लिनिकल टीबी?

बिना लक्षण वाली टीबी को मेडिकल भाषा में एसिम्प्टोमैटिक या सबक्लिनिकल टीबी कहा जाता है. इसमें व्यक्ति के शरीर में टीबी की बीमारी मौजूद होती है, लेकिन उसे खांसी, बुखार या दूसरी सामान्य परेशानियां महसूस नहीं होतीं. ऐसे मरीजों की पहचान सामान्य जांच के बजाय विशेष स्क्रीनिंग और मेडिकल टेस्ट से होती है.

वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन के मुताबिक, टीबी के कई मरीज ऐसे होते हैं, जिनमें बीमारी के सामान्य लक्षण नहीं मिलते. इसलिए केवल खांसी या बुखार के आधार पर टीबी की जांच करना काफी नहीं है. कई बार चेस्ट एक्सरे और बलगम की जांच से ही बीमारी का पता चल पाता है.

बिना लक्षण वाले मरीज से दूसरों को खतरा कैसे?

आमतौर पर लोगों को लगता है कि अगर किसी को खांसी नहीं है, तो उससे टीबी फैलने का खतरा भी नहीं होगा. लेकिन ऐसा मानना पूरी तरह सही नहीं है. अगर किसी व्यक्ति को फेफड़ों की सक्रिय टीबी है, तो बिना साफ लक्षण दिखाई दिए भी वो संक्रमण फैला सकता है. हालांकि, हर बिना लक्षण वाले मरीज से संक्रमण फैलता है, ऐसा नहीं है. यह इस बात पर निर्भर करता है कि बीमारी किस अंग में है और मरीज के शरीर में बैक्टीरिया किस स्थिति में हैं.

टीबी के बैक्टीरिया हवा के जरिए फैलते हैं. फेफड़ों या गले की सक्रिय टीबी से पीड़ित व्यक्ति के खांसने, बोलने या छींकने पर बैक्टीरिया हवा में पहुंच सकते हैं. दूसरे व्यक्ति के सांस लेने पर ये उसके शरीर में जा सकते हैं. इसलिए बिना लक्षण वाले मरीजों की पहचान करना जरूरी है. समय पर जांच और इलाज मिलने से बीमारी को बढ़ने से रोका जा सकता है और संक्रमण फैलने का खतरा भी कम किया जा सकता है.

भारत में टीबी का बोझ कितना बड़ा है?

  • 2024 में भारत में टीबी के अनुमानित नए मामले प्रति एक लाख आबादी पर 180 थे.
  • टीबी से मृत्यु दर प्रति एक लाख आबादी पर 24 थी.
  • भारत दुनिया के कुल टीबी मामलों का करीब 27% हिस्सा रखता है.
  • 2024 में देश में 27 लाख से ज्यादा नए टीबी मामले और 3 लाख से ज्यादा मौतों का अनुमान लगाया गया
  • बिना लक्षण वाले मरीजों की पहचान करने वाली स्क्रीनिंग से 2030 तक नए मामलों में 22% तक कमी आने का मॉडल अनुमान है.

देश में पहले के मुकाबले काफी सुधार है

भारत में टीबी के खिलाफ लड़ाई में पिछले कुछ सालों में काफी सुधार देखने को मिला है. साल 2015 के मुकाबले 2025 में टीबी से होने वाली मौतों में 38 प्रतिशत की कमी आई है, जबकि दुनियाभर में यह गिरावट 35 प्रतिशत रही. भारत में टीबी से मौतों की अनुमानित दर भी 2015 में प्रति लाख आबादी पर 28 थी, जो 2025 में घटकर 18 रह गई है. इसके अलावा, टीबी के मरीजों के इलाज की सफलता दर बढ़कर 94 प्रतिशत तक पहुंच गई है. भारत के टीबी कार्यक्रम की 96 प्रतिशत आर्थिक जरूरतें देश के घरेलू संसाधनों से पूरी हो रही हैं.

वहीं, WHO के मुताबिक, कुछ एक्टिव टीबी मरीजों में बीमारी के लक्षण बहुत हल्के होते हैं या बिल्कुल दिखाई नहीं देते. ऐसे में मरीज को लंबे समय तक पता नहीं चल पाता कि वह टीबी से पीड़ित है. इससे बीमारी की पहचान और इलाज में देरी हो सकती है. कुछ मामलों में ऐसे मरीज संक्रमण दूसरों तक भी पहुंचा सकते हैं. इसी चुनौती से निपटने के लिए भारत में बड़े स्तर पर जांच अभियान चलाया गया.

  • 7 दिसंबर 2024 से 8 नवंबर 2026 के बीच 25 करोड़ से ज्यादा लोगों की स्क्रीनिंग की गई.
  • इस दौरान 11 करोड़ से अधिक चेस्ट एक्सरे और 3 करोड़ से ज्यादा NAAT टेस्ट किए गए.
  • इन जांचों की मदद से देश में कुल 48.64 लाख नए टीबी मरीजों की पहचान हुई.
  • जिनमें 14.97 लाख ऐसे मरीज शामिल थे, जिनमें बीमारी के कोई स्पष्ट लक्षण दिखाई नहीं दे रहे थे.
  • यानी जांच के दौरान बड़ी संख्या में ऐसे लोग भी मिले, जिन्हें खुद पता नहीं था कि वो टीबी जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं.

भारत में क्यों बढ़ रही है यह चिंता?

भारत में टीबी पहले से ही एक बड़ी स्वास्थ्य चुनौती रही है. देश की बड़ी आबादी, भीड़भाड़ वाले इलाके, कुपोषण और समय पर जांच नहीं होना इस बीमारी को फैलने का मौका देते हैं. अब बिना लक्षण वाले मरीजों की बड़ी संख्या ने इस चुनौती को और गंभीर बना दिया है. इसका सबसे बड़ा खतरा ये है कि जब किसी व्यक्ति को कोई परेशानी महसूस नहीं होती, तो वह डॉक्टर के पास नहीं जाता. वह रोजमर्रा के काम करता रहता है और उसे पता भी नहीं चलता कि उसके शरीर में टीबी की बीमारी मौजूद है. ऐसे में बीमारी की पहचान देर से हो सकती है.

खासतौर पर इन लोगों को टीबी की जांच को लेकर ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है:

  • टीबी मरीज के संपर्क में रहने वाले लोग.
  • डायबिटीज से पीड़ित व्यक्ति.
  • कमजोर पोषण और कम वजन वाले लोग.
  • एचआईवी से पीड़ित लोग.
  • धूम्रपान करने वाले और बुजुर्ग लोग.
  • पहले टीबी का इलाज करा चुके लोग.

AI तकनीक से हो रही टीबी की पहचान

बिना लक्षण वाले मरीजों को पहचानना आसान नहीं होता. इसी समस्या से निपटने के लिए भारत में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है. टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से चेस्ट एक्सरे की जांच की जा रही है. इस तकनीक की मदद से एक्सरे में बीमारी से जुड़े बदलावों को पहचानने में सहायता मिलती है. इसके बाद जरूरत के अनुसार मरीज की दूसरी जांच कराई जाती है. इसके अलावा NAAT के जरिए टीबी के बैक्टीरिया की पहचान की जाती है. तेजी से और सही डायग्नोसिस के लिए 3 करोड़ से ज्यादा न्यूक्लिक एसिड एम्प्लीफिकेशन टेस्ट किए गए हैं.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply