IndiaTrending

​​​​​ ​​​अमेजन नहीं, तो क्या ये है दुनिया की सबसे चौड़ी नदी? 220 KM तक फैला है दायरा..​​​​​​​

Featured Image

हमारी पृथ्वी पर कई ऐसे भौगोलिक अजूबे मौजूद हैं, जिनका फैलाव और रूप देखकर बड़े से बड़े जानकार भी हैरान रह जाते हैं. तो कई ऐसे अजूबे भी हैं, जिनके बारे में बहुत कम लोगों को पता है. ऐसे में अगर आपसे पूछा जाए कि दुनिया की सबसे चौड़ी नदी कौन सी है, तो शायद आपका जवाब अमेजन होगा. लेकिन असल में एक ऐसी नदी भी धरती पर मौजूद है, जो अमेजन से भी ज्यादा चौड़ी है. यह नदी दक्षिण अमेरिका महाद्वीप के दक्षिण-पूर्वी तट पर अर्जेंटीना और उरुग्वे के बीच बहती है, जिसे दुनिया की सबसे अनोखी जल संरचना माना जाता है. अटलांटिक महासागर में समाने वाली और लगभग 290 किलोमीटर लंबी यह जलधारा जहां उरुग्वे और पराना नदी से मिलती है, उसे स्पैनिश भाषा में रियो डी ला प्लाटा यानी चांदी की नदी (River of Silver) कहा जाता है.

भौगोलिक एक्सपर्ट्स के बीच इस बात को लेकर हमेशा बहस चलती रहती है कि रियो डी ला प्लाटा असल में एक नदी है, एस्ट्युरी (नदमुख) है, खाड़ी है या कोई सीमांत समुद्र? हालांकि, अर्जेंटीना और उरुग्वे में इसे आधिकारिक तौर पर एक नदी ही माना जाता है, क्योंकि इसका एक शुरुआती बिंदु है और यह अटलांटिक महासागर में जाकर गिरती है. इसे नदी मानने वालों का दावा है कि यह 220 किलोमीटर की अपनी अधिकतम चौड़ाई के साथ दुनिया की सबसे चौड़ी नदी है. वहीं, एक्सपर्ट्स का एक वर्ग इसे दुनिया की सबसे चौड़ी एस्ट्युरी मानता है. वर्ष 1516 में स्पैनिश नाविक जुआन डियाज दे सोलिस ने इसकी विशालता को देखकर इसे मार डुल्से यानी मीठे पानी का समंदर नाम दिया था. इस नदी का आधुनिक नाम रियो डी ला प्लाटा 1520 के दशक में अन्वेषक सेबेस्टियन केबॉट ने दिया था, जो सिएरा डेल प्लाटा यानी चांदी के पहाड़ की पौराणिक कथा पर आधारित था.

16वीं शताब्दी की शुरुआत में यह अफवाह फैली थी कि इस नदी के ऊपरी हिस्से में एक विशाल चांदी का पहाड़ मौजूद है. इसी चांदी के मिथक के आधार पर आगे चलकर इस पूरे देश का नाम अर्जेंटीना पड़ा, जो लैटिन भाषा के शब्द अर्जेंटम से लिया गया है, जिसका अर्थ चांदी होता है. आज के समय में रियो डी ला प्लाटा के किनारे अर्जेंटीना और उरुग्वे के सबसे घने और विकसित आबादी वाले इलाके बन चुके हैं. अर्जेंटीना की विशाल और खूबसूरत राजधानी ब्यूनस आयर्स इसी विशाल नदी के तट पर बसी हुई है. इसके अलावा, उरुग्वे की राजधानी और वहां का सबसे बड़ा शहर मोंटेवीडियो भी इसी नदी के किनारे स्थित है. यह नदी न केवल दो देशों को जोड़ती है, बल्कि सदियों पुराने इतिहास और महासागर जैसे फैलाव का गवाह भी है.

विवाद की वजह से अमेजन है चौड़ी नदी
आधिकारिक तौर पर अमेजन दुनिया की सबसे चौड़ी नदी है, जो बारिश के मौसम में 40 किलोमीटर तक चौड़ी हो जाती है. लेकिन अगर आप रियो डी ला प्लाटा को एक नदी मानते हैं, तो इसकी चौड़ाई 220 किलोमीटर तक पहुंच जाती है. वैज्ञानिक भाषा में रियो डी ला प्लाटा को एक एस्ट्यूरी (नदी का मुहाना) माना जाता है, जहां नदियों का मीठा पानी और समुद्र का खारा पानी आपस में मिलते हैं. यही कारण है कि भूगोलवेत्ता इसे एक सामान्य नदी का दर्जा नहीं देते हैं. इसलिए, शुद्ध भौगोलिक और आधिकारिक मानकों के अनुसार दुनिया की सबसे चौड़ी नदी का खिताब हमेशा अमेजन नदी के पास ही रहता है. हालांकि, अर्जेंटीना और उरुग्वे दोनों देश इसे नदी मानते हैं. ऐसे में अगर बतौर नदी के रुप में रियो डी ला प्लाटा को मान्यता मिल जाए, तो ये सबसे चौड़ी नदी होगी.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply