CrimeIndiaMadhya Pradesh

​​​​​ ​​​छतरपुर में जमीन के लिए मां की बेरहमी से हत्या! नशेड़ी बेटे ने पहले पत्थर से कुचले हाथ-पैर, फिर लोहे की रॉड से सिर पर किए वार..​​​​​​​

छतरपुर में जमीन के लिए मां की बेरहमी से हत्या! नशेड़ी बेटे ने पहले पत्थर से कुचले हाथ-पैर, फिर लोहे की रॉड से सिर पर किए वार
- son murders mother over land dispute in chhatarpur mp

छतरपुर जिले के बमनौरा थाना क्षेत्र में जमीन के लालच में एक बेटे द्वारा अपनी 50 वर्षीय मां की बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब के नशे के आदी बेटे ने जमीन बेचने से इंकार करने पर मां के हाथ-पैर पत्थर से कुचलकर तोड़ दिए। इसके बाद लोहे की रॉड से सिर पर कई वार कर उसकी जान ले ली। आरोपित बेटे को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

घटना ग्राम बमनौरा कलां के हरिजन मोहल्ले की है। मृतका की पहचान सुंतीबाई अहिरवार (50) के रूप में हुई है। पति की मौत के बाद वह धार्मिक स्थलों पर बैठकर लोगों से मिलने वाली मदद से अपने दोनों बेटों का भरण-पोषण कर रही थी।

जमीन बेचने मां पर बना रहा था दबाव

पुलिस के अनुसार सुंतीबाई के नाम खेती की जमीन थी। उसका छोटा बेटा जाहर अहिरवार (28) लंबे समय से इस जमीन को बेचने के लिए मां पर दबाव बना रहा था। सुंतीबाई जमीन बेचने के लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता था।

शनिवार रात सुंतीबाई घर में अकेली थी। उसका बड़ा बेटा जगदीश अहिरवार उस समय घर पर नहीं था। आरोप है कि जाहर ने जमीन बेचने को लेकर मां से विवाद शुरू किया। बात बढ़ने पर उसने पत्थर से हमला कर मां के दोनों हाथ-पैर कुचल दिए। इसके बाद लोहे की रॉड उठाकर सिर पर कई वार किए। गंभीर चोटों के चलते सुंतीबाई की मौके पर ही मौत हो गई।

चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया। घटनास्थल की जांच के लिए सीएफएसएल टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

आरोपित गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

बमनौरा थाना प्रभारी अभिषेक पांडेय के अनुसार प्रारंभिक जांच में महिला की हत्या उसके छोटे बेटे जाहर अहिरवार द्वारा किया जाना सामने आया है। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस की शुरुआती जांच में जमीन बेचने को लेकर मां-बेटे के बीच विवाद और आरोपित के नशे का आदी होने की बात सामने आई है। पुलिस हत्या के पीछे के अन्य कारणों और घटनाक्रम की भी जांच कर रही है।

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply