IndiaUttar Pradesh

​कौन हैं BJP नेता ओंकार सिंह श्रीनेत? जिनके बेटे की मौत से गोरखपुर में मचा बवाल, जानें परिवार की पूरी कहानी

Gorakhpur News: गोरखपुर में बीते बुधवार को समाजवादी पार्टी की PDA रथ यात्रा के दौरान एक दर्दनाक हादसा हुआ. यात्रा में शामिल बुलडोजर की चपेट में आने से आर्यवर्धन सिंह की मौत हो गई. आर्यवर्धन बीजेपी नेता ओंकार सिंह श्रीनेत का बेटा था. इस घटना के बाद से परिवार सदमे में है. परिवार ने बुलडोजर से कुचल कर हत्या करने का आरोप लगाया. वहीं, हादसे को लेकर राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है. परिजनों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया और रथ यात्रा के आयोजकों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की.

​कौन हैं BJP नेता ओंकार सिंह श्रीनेत? जिनके बेटे की मौत से गोरखपुर में मचा बवाल, जानें परिवार की पूरी कहानी

कौन हैं ओंकार सिंह श्रीनेत?

ओंकार सिंह श्रीनेत गोरखपुर में BJP से जुड़े नेता हैं. वह पार्टी के चुनाव आयोग संपर्क विभाग में जिला सहसंयोजक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. उनका परिवार गोरखपुर के झारखंडी स्थित आवास विकास कॉलोनी में रहता है. उनका एक आवास कूड़ाघाट क्षेत्र से भी है. ओंकार सिंह श्रीनेत की पहचान स्थानीय स्तर पर बीजेपी कार्यकर्ता और पदाधिकारी के रूप में है. बुधवार को हुई घटना ने उनके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया. जिस बेटे को वह पढ़ालिखाकर आगे बढ़ते देखना चाहते थे, उसकी अचानक मौत हो गई. घटना के बाद से घर में मातम पसरा हुआ है. परिवार के लोगों का रोरोकर बुरा हाल है.

परिवार में कौनकौन हैं?

ओंकार सिंह श्रीनेत के परिवार में उनकी पत्नी, बेटा आर्यवर्धन और एक बेटी है. आर्यवर्धन परिवार का बड़ा बेटा था. वह केंद्रीय विद्यालय, नंद नगर में कक्षा 10 में पढ़ता था. पढ़ाई में होनहार होने के साथ ही वह परिवार का लाडला भी था. उसके मातापिता को उससे काफी उम्मीदें थीं. आर्यवर्धन की एक छोटी बहन भी है, जो केंद्रीय विद्यालय में पढ़ती है. बुधवार को वह अपनी बहन को स्कूल से लेने के लिए निकला था. परिवार को शायद ही अंदाजा रहा होगा कि घर से निकला उनका बेटा कभी वापस नहीं लौटेगा. बहन को स्कूल से लाने की कोशिश में निकले आर्यवर्धन की रास्ते में ही जान चली गई.

बहन को लेने जा रहा था आर्यवर्धन, तभी हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को गोरखपुर में समाजवादी पार्टी की PDA रथ यात्रा निकाली गई थी. इस यात्रा में चार बुलडोजर शामिल किए गए थे. इनमें से एक बुलडोजर पर फूलों की बड़ी माला लटकाई गई थी और बीच में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव का पोस्टर भी लगाया गया था. बताया जा रहा कि रोड शो खत्म होने के बाद जब बुलडोजर वापस लौट रहे थे, उसी दौरान एक बुलडोजर की चपेट में आर्यवर्धन आ गया. वह सड़क पार करके डिवाइडर तक पहुंच गया था. इसी दौरान यह हादसा हुआ और उसकी मौत हो गई. हालांकि घटना को लेकर परिजनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं. पिता का आरोप है कि परिस्थितियां हादसे से ज्यादा हत्या की ओर इशारा करती हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

जेसीबी चालक समेत 6 नामजद, 50 अज्ञात पर केस

आर्यवर्धन की मौत के बाद उसके पिता की तहरीर पर एम्स थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है. इसमें जेसीबी चालक और सपा नेता साधु यादव उर्फ साधु भैया समेत छह लोगों को नामजद किया गया है. इसके अलावा 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज हुआ है. नामजद आरोपियों में साधु यादव, मृत्युंजय यादव, मनोज यादव, योगेश यादव और चंद्रप्रकाश के नाम शामिल हैं. साधु यादव की पत्नी पहले कैंपियरगंज विधानसभा सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं. इस बार साधु यादव खुद विधानसभा चुनाव का टिकट मांग रहे हैं. पुलिस अब मामले में आरोपों की जांच कर रही है.

मुख्यमंत्री योगी ने परिवार से की मुलाकात

बेटे की मौत की खबर सामने आने के बाद गुरुवार शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे. उन्होंने ओंकार सिंह श्रीनेत और उनके परिजनों से मुलाकात की. मुख्यमंत्री ने परिवार को सांत्वना दी और इस मुश्किल समय में उनका ढांढस बढ़ाया. प्रशासन की ओर से परिवार को पांच लाख रुपए की आर्थिक सहायता भी दी गई है.

घटना के विरोध में सड़क पर उतरे लोग

इस घटना को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में नाराजगी है. झारखंडी कॉलोनी के सामने परिजनों और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने चक्काजाम कर विरोध जताया. प्रदर्शनकारियों ने PDA रथ यात्रा के पूरे आयोजक मंडल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की. उनका कहना है कि रोड शो में भारी वाहनों को शामिल करने और उनकी आवाजाही के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए थे.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply