CrimeIndia

​गुम हुआ मोबाइल तलाशना था… चाचा-भतीजे ने रची 5.50 लाख​​​​​​​​​​ रुपये लूट की फर्जी कहानी, 4 घंटे तक पुलिस को दौड़ाया

Etawah News: उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में अपना खोया हुआ मोबाइल फोन जल्दी तलाशने के चक्कर में एक 15 वर्षीय छात्र और उसके चाचा ने ऐसी चाल चली कि पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस को तेजी से सक्रिय करने के लिए दोनों ने 5 लाख 50 हजार रुपये की लूट की मनगढ़ंत कहानी गढ़ दी और डायल112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे दी.
साढ़े पांच लाख की लूट की खबर मिलते ही पुलिस की कई टीमें और आला अधिकारी मौके पर दौड़ पड़े. हालांकि, करीब चार घंटे की गहन पड़ताल और पूछताछ के बाद पुलिस ने पूरी साजिश का पर्दाफाश कर दिया और लूट की कहानी पूरी तरह फर्जी निकली.

​गुम हुआ मोबाइल तलाशना था… चाचा-भतीजे ने रची 5.50 लाख​​​​​​​​​​ रुपये लूट की फर्जी कहानी, 4 घंटे तक पुलिस को दौड़ाया

क्षेत्राधिकारी नगर अवनीश कुमार सिंह के मुताबिक, बसरेहर थाना क्षेत्र के संतोषपुर घाट गांव निवासी 15 वर्षीय आदित्य शनिवार सुबह करीब 9 बजे अपने चाचा की दुकान पर जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में कहीं उसका मोबाइल फोन गिर गया. काफी तलाश के बाद भी जब फोन नहीं मिला, तो किसी ने उन्हें सलाह दी कि यदि पुलिस को लूट की सूचना दी जाए, तो पुलिस सक्रिय होकर फोन को जल्दी ढूंढ निकालेगी.

तमंचाधारी बदमाशों द्वारा 5.50 लाख लूटने की बताई कहानी

इसी गलत सलाह पर अमल करते हुए शनिवार शाम करीब 5 बजे आदित्य के चाचा सुमित शाक्य ने डायल112 पर फोन किया. उन्होंने पुलिस को बताया कि इकदिल थाना क्षेत्र के चितभवन मार्ग पर एचएफ डीलक्स बाइक सवार तमंचाधारी बदमाशों ने आदित्य का स्कूल बैग और मोबाइल फोन लूट लिया है, और उस बैग में 5 लाख 50 हजार रुपये नकद रखे हुए थे.

चार घंटे की जांच में खुली पोल, अब विधिक कार्रवाई की तैयारी

दिनदहाड़े साढ़े पांच लाख रुपये की लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमा अलर्ट हो गया. पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और छात्र व उसके परिजनों से अलगअलग पूछताछ की. करीब चार घंटे तक चली जांच में नकदी लूटे जाने का कोई भी साक्ष्य नहीं मिला और बयानों में विरोधाभास सामने आने लगा. पुलिस ने जब छात्र आदित्य से सख्ती और मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, तो वह टूट गया और उसने मोबाइल तलाशने के लिए लूट की झूठी कहानी बनाने की बात स्वीकार कर ली. शनिवार देर रात करीब 12 बजे सीओ सिटी अवनीश कुमार सिंह ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि लूट की सूचना पूरी तरह असत्य निकली है और पुलिस को गुमराह करने के इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है.

contact.satyareport@gmail.com

Leave a Reply