Upcoming IPO: शेयर बाजार के प्राइमरी मार्केट में पैसा लगाने वाले निवेशकों का इंतजार अब खत्म होने जा रहा है. दिवाली की छुट्टियों की वजह से पिछले दो हफ्तों से आईपीओ बाजार में एकदम शांति छाई हुई थी. छठ के बाद शुरू हो रहे नए कारोबारी हफ्ते में बाजार की रौनक फिर से लौटने वाली है. इस हफ्ते तीन कंपनियां अपने पब्लिक इश्यू लेकर बाजार में उतर रही हैं. इन तीनों आईपीओ के जरिए कंपनियां कुल मिलाकर 10,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम जुटाने की तैयारी में हैं. खास बात ये है कि इन तीन इश्यू में दो मेनबोर्ड सेगमेंट के हैं, जबकि एक एसएमई आईपीओ शामिल है.

अगले हफ्ते बाजार में दस्तक देने वाले पब्लिक इश्यू में सबसे बड़ा नाम कोल इंडिया की सब्सिडियरी महानदी कोलफील्ड्स का है. इसके अलावा एग्रीकेमिकल्स व बीज बनाने वाली कंपनी क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन भी अपना इश्यू ला रही है. तीसरी कंपनी मटेरियल हैंडलिंग उपकरण उपलब्ध कराने वाली वटराना रेंटल्स है. ये तीनों कंपनियां अलगअलग सेक्टर से जुड़ी हैं, जिससे निवेशकों को पैसे लगाने के अच्छे विकल्प मिलेंगे.
महानदी कोलफील्ड्स का 9500 करोड़ का सबसे बड़ा इश्यू
अगले हफ्ते का सबसे बड़ा आकर्षण महानदी कोलफील्ड्स का आईपीओ रहने वाला है. कोल इंडिया की इस सब्सिडियरी कंपनी का इश्यू 19 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुलेगा. निवेशक इसमें 23 नवंबर तक बोली लगा सकेंगे. कंपनी इस आईपीओ के जरिए बाजार से करीब 9,500 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद कर रही है.
निवेशकों के लिए ये जानना बेहद जरूरी है कि ये आईपीओ पूरी तरह से ऑफर फॉर सेल पर आधारित होगा. इसके तहत प्रमोटर कंपनी कोल इंडिया अपने 66.18 करोड़ इक्विटी शेयर बेचेगी. ये हिस्सेदारी महानदी कोलफील्ड्स की कुल पेडअप इक्विटी कैपिटल का 10 फीसदी हिस्सा है. चूंकि ये पूरा इश्यू ओएफएस है, इसलिए आईपीओ से मिलने वाली रकम में से इश्यू के खर्च घटाने के बाद सारा पैसा सीधे कोल इंडिया के खाते में जाएगा. यानी महानदी कोलफील्ड्स को इस आईपीओ से कोई पैसा नहीं मिलेगा.
18 नवंबर को खुलेगा क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का आईपीओ
हफ्ते की शुरुआत में सबसे पहले क्रिस्टल क्रॉप प्रोटेक्शन का आईपीओ खुलेगा. इंटरनेशनल फाइनेंस कॉरपोरेशन के समर्थन वाली इस कंपनी का इश्यू 18 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए ओपन होगा. नई दिल्ली मुख्यालय वाली ये कंपनी किसानों को फसल सुरक्षा से जुड़े समाधान के साथसाथ बीज उपलब्ध कराती है. कंपनी ने अपने आईपीओ के लिए 259 से 272 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया है.
अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी का वैल्यूएशन करीब 4,438.1 करोड़ रुपये बैठता है. कंपनी इस इश्यू से कुल 455.7 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है. इसमें 355 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी किए जाएंगे. इसके अलावा कंपनी के प्रमोटर अंकुर अग्रवाल ऑफर फॉर सेल के जरिए अपने 37.02 लाख इक्विटी शेयर बेचेंगे. इन शेयरों की कुल कीमत 100.7 करोड़ रुपये है.
कंपनी पर अगस्त 2026 तक कुल 962.6 करोड़ रुपये का बकाया कर्ज था. आईपीओ से मिलने वाली रकम में से 270 करोड़ रुपये का इस्तेमाल इसी कर्ज को चुकाने में किया जाएगा. बाकी बचे पैसे का इस्तेमाल सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों को पूरा करने के लिए होगा.
एसएमई सेगमेंट में वटराना रेंटल्स जुटाएगी 120 करोड़ रुपये
मेनबोर्ड के अलावा एसएमई सेगमेंट में वटराना रेंटल्स का आईपीओ भी 19 नवंबर को ही खुलेगा. दिल्ली की ये कंपनी मटेरियल हैंडलिंग उपकरण उपलब्ध कराने का काम करती है. कंपनी ने अपने इश्यू के लिए 232 से 245 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड फिक्स किया है. अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कंपनी इस आईपीओ के जरिए बाजार से 120 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है.
ये पूरा इश्यू फ्रेश शेयरों का होगा, जिसमें कुल 49.02 लाख इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे. कंपनी इस आईपीओ से मिलने वाली रकम में से 98.12 करोड़ रुपये मटेरियल हैंडलिंग उपकरण, एरियल वर्क प्लेटफॉर्म व बैटरी खरीदने पर खर्च करेगी. इसके अलावा बची हुई रकम सामान्य कॉरपोरेट जरूरतों व इश्यू से जुड़े खर्चों में लगाई जाएगी.



