
धर्मशाला, हिमाचल प्रदेश: राजकीय डिग्री कॉलेज धर्मशाला में बीए अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रही एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 13 नवंबर की सुबह शिव मंदिर रोड के पास नाले के नजदीक उसका शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
परिजनों ने कॉलेज की एक महिला अध्यापिका पर छात्रा को मानसिक रूप से परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पिछले कुछ समय से छात्रा मानसिक तनाव में रहने लगी थी। परिवार ने पुलिस को शिकायत देकर संबंधित अध्यापिका के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, 13 नवंबर की सुबह करीब 7 बजे स्थानीय लोगों ने शिव मंदिर रोड के पास एक छात्रा का शव मिलने की सूचना दी थी। शुरुआती जानकारी में फंदे से मौत की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। फिलहाल पुलिस परिजनों की शिकायत और नोट में सामने आई बातों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। कांगड़ा के एसपी कुलभूषण वर्मा ने घटना की पुष्टि की है।
मौत की वजह जानने में जुटी पुलिस
पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि छात्रा किन परिस्थितियों से गुजर रही थी और उसकी मौत के पीछे क्या कारण रहे। परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।
Satya Report: यह खबर उपलब्ध जानकारी और पुलिस के प्रारंभिक बयान पर आधारित है। जांच पूरी होने तक मामले से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना बाकी है।



