
नई दिल्ली: एक घरेलू विवाद, फिर अचानक मारपीट। देखते ही देखते 31 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर विनय गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। निहाल विहार के लक्ष्मी पार्क स्थित घर में हुई इस घटना के बाद उनकी मौत हो गई। परिवार ने पत्नी के रिश्तेदारों पर बेरहमी से हमला करने और पहले से साजिश रचने का आरोप लगाया है। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के मुताबिक, विनय गुप्ता लक्ष्मी पार्क के रहने वाले थे और नोएडा स्थित एडोब में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर काम करते थे। करीब साढ़े तीन साल पहले उनकी शादी बुद्ध विहार निवासी 31 वर्षीय महिला से हुई थी। दंपति के करीब चार महीने के जुड़वां बच्चे हैं, एक बेटा और एक बेटी।
सुबह पत्नी से विवाद के बाद बुलाए गए रिश्तेदार
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार सुबह विनय और उनकी पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि इसके बाद पत्नी ने अपने मायके वालों को बुलाया। रिश्तेदार निहाल विहार स्थित घर पहुंचे और इसके बाद विनय के साथ कथित तौर पर मारपीट शुरू हो गई। गंभीर चोट लगने के बाद विनय की मौत हो गई।
‘हमें लगा रिश्तेदार बात करने आए हैं’
विनय के पिता प्रेमचंद ने कहा कि उन्हें शुरुआत में लगा कि रिश्तेदार घरेलू विवाद को बातचीत से सुलझाने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे ही उनका बेटा वहां पहुंचा, रिश्तेदारों ने उस पर हमला कर दिया। पिता ने यह भी बताया कि बीच-बचाव के दौरान उन्हें धक्का दिया गया, जिससे उनके अंगूठे में फ्रैक्चर हुआ।
मां का दावा- ‘बेटे का गला दबाया, छाती पर पैर रखे’
विनय की मां ने बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, रिश्तेदारों ने उनके बेटे को पकड़कर पीटा और उसका गला दबाया। उन्होंने दावा किया कि पड़ोसी ने खिड़की से कथित मारपीट देखी और आरोप लगाया कि विनय की छाती पर पैर रखे गए। मां ने कहा कि उन्होंने बेटे को बचाने के लिए डंडा उठाया, लेकिन हमलावरों के साथ आए एक व्यक्ति ने वह डंडा छीन लिया। परिवार के इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।
‘सिक्योरिटी कैमरे बंद थे’, परिवार ने उठाए सवाल
विनय की मां ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के समय घर के सुरक्षा कैमरे काम नहीं कर रहे थे। उन्होंने इसे लेकर आशंका जताई कि कैमरे जानबूझकर बंद किए गए होंगे। हालांकि, पुलिस अभी इस आरोप की जांच कर रही है और घटना से पहले और हमले के दौरान की पूरी परिस्थितियों को खंगाला जा रहा है।



